'दिवाली पर पटाखे ना जलाएं...', फेसबुक लाइव कर रही थी 11 साल की लिसिप्रिया, लुटेरे छीन ले गए मोबाइल
'दिवाली पर पटाखे ना जलाएं...', फेसबुक लाइव कर रही थी 11 साल की लिसिप्रिया, लुटेरे छीन ले गए मोबाइल
पर्यावरण कार्यकर्ता लिसिप्रिया कंगुजाम (environmental activist licypriya kangujam): यूपी के ग्रेटर नोएडा में एक पर्यावरण कार्यकर्ता का मोबाइल बाइकसवार दो लुटेरे उस वक्त छीन ले गए, जब वो दिवाली की पूर्व संध्या पर लोगों को जागरुक करने के लिए एक लाइव वीडियो शूट कर रही थी। मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 16-बी का है, जहां रविवार को करीब 8:30 बजे 11 साल की लिसिप्रिया कंगुजाम नाम की पर्यावरण कार्यकर्ता फेसबुक लाइव के जरिए लोगों से ग्रीन दिवाली मनाने की अपील कर रही थी। अचानक बाइकसवार दो लुटेरे आए और लिसिप्रिया कंगुजाम का मोबाइल झपटकर ले गए।

'बाइकसवार दो लुटेरे मेरा मोबाइल छीनकर ले गए'
अपने मोबाइल स्नैचिंग की जानकारी लिसिप्रिया कंगुजाम ने खुद ट्विटर पर दी। नोएडा पुलिस को टैग करते हुए लिसिप्रिया कंगुजाम ने ट्विटर पर लिखा, 'हेलो नोएडा पुलिस, ये बहुत ही अर्जेट मामला है। अभी 10 मिनट पहले ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 16-बी में बेलाना स्ट्रीट मार्केट के सामने जब मैं फेसबुक लाइव कर रही थी, तो तभी बाइकसवार दो लुटेरे मेरा मोबाइल छीनकर ले गए। कृपया मेरी मदद कीजिए।'

पुलिस ने मामले में दर्ज की एफआईआर
वहीं, लिसिप्रिया कंगुजाम के ट्वीट पर पुलिस ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और बिसरख एसएचओ आगे की कार्रवाई करेंगे। डीसीपी सेंट्रल राम बदन सिंह ने बताया कि मोबाइल स्नैचर आमतौर पर उन लोगों को अपना निशाना बनाते हैं, जो सड़क किनारे चलते हुए फोन पर बात करते हैं या वीडियो बनाते हैं। इस मामले में आईपीसी की धारा 392 (लूट) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

'पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले पटाखे ना जलाएं'
मोबाइल छिनने से पहले लिसिप्रिया कंगुजाम ने जो वीडियो शूट किया, उसमें उन्होंने बताया कि दिवाली को दीयों, रौशनी और रंगोली के साथ मनाएं, लेकिन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले पटाखे ना जलाएं। लिसिप्रिया कंगुजाम ने कहा कि इन पटाखों से वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण होता है, जिसके बाद हमें ही परेशानी होती है। लिसिप्रिया ने लोगों से अपील की, दिवाली पर हवा को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें।

'8 साल की उम्र में COP25 जलवायु परिवर्तन सम्मेलन को किया संबोधित'
आपको बता दें कि लिसिप्रिया कंगुजाम मणिपुर की रहने वाली हैं और पर्यावरण को लेकर काम कर रही हैं। महज आठ साल की उम्र में ही उन्होंने मैड्रिड में COP25 जलवायु परिवर्तन सम्मेलन को संबोधित किया था। इसके अलावा हाल ही में छत्तीसगढ़ में हुए एंटी-कोल प्रोटेस्ट में भी उन्होंने हिस्सा लिया। साल 2020 में वाशिंगटन डीसी में पृथ्वी दिवस पर हुए आयोजन के वक्ताओं में भी लिसिप्रिया कंगुजाम शामिल थीं।












Click it and Unblock the Notifications