CJI दीपक मिश्रा का SC में आज आखिरी दिन, भावुक वकील ने गाया गाना..तुम जियो हजारों साल
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) दीपक मिश्रा का कार्यकाल 2 अक्टूबर यानी की मंगलवार को खत्म हो रहा है, चूंकि दो अक्टूबर को गांधी जंयती की छुट्टी है इसलिए आज ही बतौर CJI उनका कोर्ट में आखिरी दिन है। अब उनकी जगह जस्टिस रंजन गोगोई देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे।

जस्टिस मिश्रा के लिए गाया......तुम जियो हजारों साल.. गीत
आज चीफ जस्टिस की कोर्ट में वकीलों ने उन्हें काफी भावपूर्ण विदाई दी, इस दौरान दीपक मिश्रा के लिए एक अधिवक्ता ने तो मशहूर बॉलीवुड का हिट गीत......तुम जियो हजारों साल.. गीत भी गाया..लेकिन उन्हें बीच में रोकते हुए जस्टिस दीपक ने कहा कि अभी मैं आपका अभिवादन दिल से स्वीकार कर रहा हूं लेकिन शाम को मैं अपने दिमाग से बोलूंगा। उनका इशारा शाम को उनके फेयरवेल के लिए सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह की ओर था।

जस्टिस रंजन गोगोई अगले चीफ जस्टिस होंगे
आपको बता दें कि 3 अक्टूबर को जस्टिस रंजन गोगोई अगले चीफ जस्टिस के रुप में शपथ लेंगे। जस्टिस गोगोई असम के पूर्व मुख्यमंत्री केशव चंद्र गोगोई के पुत्र हैं, इसके साथ ही वह पूर्वोत्तर भारत से इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले जज बन जाएंगे। उनके नाम की सिफारिश वर्तमान चीफ जस्टिस मिश्रा ने ही की थी।

19 दिसंबर 1997 को स्थायी न्यायाधीश बने थे दीपक मिश्रा
मालूम हो कि दीपक मिश्रा को 17 जनवरी 1996 को उड़ीसा उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद उनका मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में तबादला हो गया था। वह 19 दिसंबर 1997 को स्थायी न्यायाधीश बने थे, उन्होंने 23 दिसंबर 2009 को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण किया था।

28 अगस्त 2017 को देश के प्रधान न्यायाधीश बने
वह 24 मई 2010 को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बने थे। न्यायमूर्ति 10 अक्टूबर 2011 को पदोन्नति प्राप्त कर शीर्ष अदालत में पहुंचे थे और 28 अगस्त 2017 को देश के प्रधान न्यायाधीश बने ।












Click it and Unblock the Notifications