चुनाव आयोग ने 18 अप्रैल को इस बूथ संख्या पर मतदान को किया रद्द, फिर से होगी वोटिंग
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 18 अप्रैल को पुड्डुचेरी में कामराज नगर लोकसभा सीट पर बूथ संख्या 10 पर हुए मतदान को रद्द कर दिया है और यहां पर एक बार फिर से मतदान कराने का फैसला लिया है। बुधवार को अपने फैसले में चुनाव आयोग ने कहा कि यहां पर एक बार फिर से 12 मई को मतदान कराया जाएगा। यहां पर सुबह 7 बजे से लेकर शाम को 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

पुड्डुचेरी के रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि सभी परिस्थितियों का मुआयना करने के बाद हमने फैसला लिया है कि 18 अप्रैल को कामराज नगर सीट पर बूथ संख्या 10 के मतदन को रद्द किया जाता है। यहां पर एक बार फिर से मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने रिटर्निंग अधिकारी को निर्देश दिया है कि वह यहां पर मतदान के लिए लोगों को जागरूक करे। इसके साथ ही तमाम राजनीतिक दलों को भी इस बाबत जानकारी देने को कहा गया है। इससे पहले मंगलवार को चुनाव आयोग ने त्रिपुरा के बूथ संख्या 168 पर मतदान को रद्द कर दिया था। यहां पर भी 11 अप्रैल को हुए मतदान को चुनाव आयोग ने रद्द करते हुए 12 मई को फिर से मतदान कराने का फैसला लिया है। बता दें कि पुड्डुचेरी लोकसभा सीट पर 18 अप्रैल को मतदान हुआ था, चुनाव परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications