National Parties: चुनाव आयोग आज जारी कर सकता है राष्ट्रीय पार्टियों की नई लिस्ट
चुनाव आयोग आज देश में राष्ट्रीय पार्टियों की नई लिस्ट जारी कर सकता है। कई पार्टियां जिन्हें राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त है उनकी समीक्षा की जा रही है कि क्या उन्हें राष्ट्रीय पार्टी बने रहने का अधिकार है।

National Parties: चुनाव आयोग आज राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों की नई लिस्ट जारी कर सकता है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग की ओर से जारी की जाने वाली यह लिस्ट काफी अहम है। जानकारी के अनुसार जिन पार्टियों की मान्यता खत्म होगी, उन्हें नियम के अनुसार पार्टी का चुनाव चिन्ह रखने की इजाजत होगी। 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद चुनाव आयोग की ओर से कई राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया गया था। जिसमे मुख्य रूप से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, बहुजन समाज पार्टी, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी और तृणमूल कांग्रेस शामिल थी। इन दलों से पूछा गया था कि आखिर क्यों आपकी राष्ट्रीय दल के तौर पर मान्यता को जारी रखा जाए। हालांकि चुनाव आयोग ने इन दलों का राष्ट्रीय दर्ज खत्म नहीं किया था।
सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग एक बार फिर से तमाम दलों की स्थिति का जायजा कर रहा है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है, यह 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद शुरू हुई थी, लेकिन कोरोना की वजह से इसे रोक दिया गया था। बता दें कि जिन दलों को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया जाता है उन्हें कई तरह के फायदे मिलते हैं, जैसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्ज हासिल करने वाला दल अपने चुनाव चिन्ह को देशभर में इस्तेमाल कर सकती है, चुनाव के दौरान पब्लिक ब्रॉडकास्ट के लिए फ्री एयरटाइम मिलता है, नई दिल्ली में पार्टी कार्यालय के लिए दफ्तर मिलता है, इसके साथ ही कई और सुविधाएं भी मिलती हैं।
राजनीतिक दलों की स्थिति का जायजा लेने की प्रक्रिया को पिछले महीने शुरू किया गया है। चुनाव आयोग ने पहले ही टीएमसी, सीपीआई और एनसीपी सहित तकरीबन 11 दलों से उनका पक्ष इस मामले में सुना है। अगर दलों का राष्ट्रीय दर्जा जाता है तो भी वह कुछ समय के लिए अपने चुनाव चिन्हें को बरकरार रख सकते हैं। चुनाव आयोग के अनुसार मौजूदा समय में देश में कुल 8 राष्ट्रीय पार्टिया हैं, जिसमे भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, टीएमसी, बीएसपी, सीपीआई, सीपीआईएम, एनसीपी और एनपीपी है। आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने पर समीक्षा की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications