किसानों की टेंशन बढ़ाएगा मानसून, सक्रिय अल-नीनो से होगी बारिश प्रभावित, जानें क्या कह रहा मौसम विभाग?
Monsoon News in Hindi: केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद अब बाकी राज्यों में भी लोग इसका इंतजार कर रहे हैं। लेकिन मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी लोगों को निराश कर सकती है।

मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दे दी है। अब देश के बाकी राज्यों में भी लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सबसे अधिक इंतजार उन किसानों को है जिनकी फसल के लिए बारिश बहुत जरूरी है। लेकिन इस बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर निराश कर देने वाली खबर दी है।
अल नीनो बिगाड़ेगा मानसून का खेल
दरअसल, मौसम विभाग ने कहा है कि देश के कई इलाकों में सक्रिय अल-नीनो के चलते इस बार मानसून देर से आएगा। इससे बारिश में भी कमी आएगी। मौसम विभाग के मुताबिक जून के पहले सप्ताह में दक्षिण के कई राज्यों में मानसून दस्तक दे देता था लेकिन इस बार सिर्फ केरल में आया है। इस अल नीनो के चलते इस बार 90 फीसदी संभावना है कि मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होगी।
सबसे पहले जानें क्या होता है अल नीनो?
अल नीनो एक मौसम संबंधी घटना है। यह तब सक्रिय होती है जब मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर से समुद्र का तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है। जिसके चलते भारत के कई इलाकों में मानसून कमजोर हो जाता है। हालांकि, अल-नीनो कभी-कभी अपनी प्रवृति के विरुद्ध भी काम करता है जिससे चलते सामान्य से अधिक भी बारिश हो जाती है।
22 सालों में 6 बार सक्रिय हुआ अल-नीनो
भारत में साल 2000 से अब तक 6 बार अल-नीनो का प्रभाव देखने को मिला है। हर बार मानसून के वक्त ही यह सक्रिय होता है जिसके चलते बारिश प्रभावित होती है। अल नीनो के चलते 5 साल बारिश कम हुई। इस बार फिर से वही स्थिति बनती दिख रही है। गुरुवार को अमेरिकी मौसम एजेंसी ने भी कहा था कि पूर्वी प्रशांत महासागर में तापमान में 0.5 फीसदी तापमान में वृद्धि हुई है। जिसके चलते अल-नीनो के सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है। अब अगले 15 दिनों तक देखने वाली बात होगी कि कब तक उत्तर और पूर्वी भारत में मानसून दस्तक देगा।












Click it and Unblock the Notifications