बीकानेर जमीन घोटाला: ED ने रॉबर्ट वाड्रा के 2 सहयोगियों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। बीकानेर जमीन घोटाला केस में रॉबर्ट बाड्रा की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाईं दे रही है। शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बीकानेर जमीन घोटाला मामले में रॉबर्ट वाड्रा के 2 सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। ईडी ने बताया कि उसने शुक्रवार को जयप्रकाश भार्गव और अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है। अशोक कुमार कांग्रेस नेता महेश नागर के करीबी हैं। आरोप है कि कांग्रेस नेता महेश नागर ने ही राबर्ट वाड्रा की ओर जमीन की डील की थी। इन दोनों व्यक्तियों को ईडी ने मनी लॉड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।

275 बीघे जमीन का है घोटाला
ईडी ने बताया कि इस पूरी डील को स्काईलाइन हॉस्पिटैलिटी प्राईवेट लिमिटेड कंपनी के जरिए अंजाम दिया गया था। आरोप है कि यह कंपनी राबर्ट वाड्रा के लिए काम करती है। कुछ साल पहले इस कंपनी ने बीकानेर में 275 बीघे जमीन खरीदी थी। आरोप है कि यह जमीन 79 लाख रुपये में खरीदी गई थी और फिर तीन साल बाद इसे 5.5 करोड़ रुपये में बेच दिया गया। 2015 में इस डील में अनियमितता पाए जाने के बाद राजस्थान सरकार ने 2015 में 374.44 हेक्टेयर जमीन के ट्रांसफर को रद्द कर दिया था।

क्या है पूरा मामला
यह घोटाला राजस्थान के बिकानेर के कोलायत क्षेत्र की भूमि का है। रॉबर्ट वाड्रा पर आरोप है कि उन्होंने स्काईलाइन कंपनी के जरिए यहां पर 275 बीघे जमीन खरीदे। यह सरकारी जमीन थी जो आर्मी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के लिए 34 गांवो से विस्थापित किए गए लोगों को दी जाने वाली थी। इस कथित घोटाले की शिकायत स्थानीय तहसीलदार द्वारा किए जाने के बाद राज्य की पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। इसी एफआईआर का संज्ञान लेते हुए ईडी ने 2015 में आपराधिक मामला दर्ज किया था।

ED की छापेमारी
आपको बता दें कि इससे पहले इसी साल अप्रैल में बीकानेर के 275 बीघा जमीन आवंटन में धांधली को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने रॉबर्ट वाड्रा के करीबियों के जहां छापेमारी की थी। ईडी ने रॉबर्ट वाड्रा के करीबी महेश नागर और अशोक कुमार के जहां छापेमारी की। वाड्रा इस मामले में किसी भी गलत काम से इंकार करते रहे हैं जबकि कांग्रेस इसे सरासर राजनीतिक बदला करार देती रही है।












Click it and Unblock the Notifications