Senthil Balaji: पीएम मोदी के इस बयान के तुरंत बाद एक्शन में ED, 24 घंटे के भीतर गिरफ्त में सेंथिल बालाजी
Senthil Balaji: तमिलनाडु के ऊर्जा मंत्री वी सेंथिल बालाजी को ईडी ने घंटों पूछताछ के बाद आज सुबह हिरासत में ले लिया है। सेंथिल बालाजी को मनी लॉन्ड्रिंग केस में हिरासत में लिया गया है। इससे पहले ईडी ने चेन्नई में सेंथिल बालाजी के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी और उनसे 18 घंटे की पूछताछ की थी।
अहम बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रोजगार मेले के दौरान 70 हजार से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र बांटा था। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बिना तमिलनाडु का नाम लिए जॉब फॉर कैश का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला था।

पीएम मोदी ने जिस तरह से जॉब फॉर कैश घोटाले का जिक्र किया था उसके चंद घंटों के भीतर ही ईडी ने सेंथिल बालाजी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी, उनके तमाम ठिकानों पर छापेमारी की और तकरीबन 18 घंटे तक उनसे पूछताछ की।
यही नहीं पीएम के बयान के बाद ईडी ने ना सिर्फ सेंथिल बालाजी से घंटों पूछताछ की बल्कि उन्हें हिरासत में भी ले लिया। हालांकि ईडी की ओर से इस बाबत अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि सेंथिल बालाजी को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। ईडी की ओर से छापेमारी को लेकर भी अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
रोजगार मेले में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा एक राज्य में कैश फॉर जॉब के घोटाले की जांच में जो बातें बाहर निकलकर आई हैं, वह मेरे देश के नौजवानों के लिए बहुत बड़ी चिंता का विषय है। उस राज्य की क्या पद्धति है, क्या बात उभरकर आई है।
नौकरी सरकारी चाहिए तो हर पद के लिए, जैसे होटल में आप खाना खाने जाए और हर चीज का रेट कार्ड होता है, वैसे ही हर पद के लिए रेट कार्ड है। रेट कार्ड बताया गया है ,रेट कार्ड भी कैसा है, छोटे-छोटे गरीबों को लूटा जा रहा है। अगर सफाईकर्मी की नौकरी चाहिए तो उसके लिए ये रेट रहेगा, भ्रष्टाचार में इतना देना पड़ेगा।
अगर आपको ड्राइवर की नौकरी चाहिए तो ड्राइवर की नौकरी के लिए ये रेट रहेगा। अगर आपको क्लर्क की नौकरी चाहिए, टीचर की नौकरी चाहिए, नर्स की नौकरी चाहिए तो आपको ये रेट रहेगा। अब सोचिए हर पद के लिए उस राज्य में रेट कार्ड चला करता था। कट मनी का कारोबार चलता था।
देश का नौजवान कहां जाएगा, ये स्वार्थी राजनीतिक दल जॉब्स के लिए रेटकार्ड बनाते हैं। कुछ दिन पहले एक और मामला सामने आया कि रेलवे के एक मंत्री ने जॉब के बदले में गरीब किसानों की जमीन लिखवा ली। यह केस भी सीबीआई और कोर्ट में चल रहा है।
आपके सामने एक तरफ ये परिवारवादी पार्टियां, भाई भतीजावाद करने वाली पार्टियां, हर चीज में रेट कार्ड, हर चीज में कट मनी, उनका रास्ता है रेट कार्ड, जबकि हम युवाओं के उज्जवल भविष्य को सुरक्षित करने का काम कर रहे हैं।
रेट कार्ड आपकी काबिलियत, सामर्थ्य सपनों को चूर-चूर कर देते हैं। हम आपके सेफगार्ड में लगे हैं, आपके सपनों के लिए जीते हैं, आपके सपनों को साकार करने के लिए काम करते हैं। अब देश तय करेगा कि देश के नौजवानों का भविष्य रेट कार्ड से चलेगा या सेफगार्ड व्यवस्था के अंदर सुरक्षित तरीके से पनपेगा।












Click it and Unblock the Notifications