भड़काऊ बयान देने पर EC ने भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को भेजा नोटिस, 30 जनवरी तक मांगा जवाब
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक रैली में भड़काऊ बयान देने पर चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवेश वर्मा पर बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय द्वारा मामले की जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद चुनाव आयोग ने सांसद प्रवेश वर्मा के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग ने सांसद को जवाब देने के लिए 30 जनवरी के दोपहर 12 बजे तक का समय दिया है। बता दें कि, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर से भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

प्रवेश वर्मा ने दिया था ये बयान
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने शाहीन बाग को लेकर बेहद विवादित बयान दिया था। प्रवेश वर्मा ने शाहीन बाग पर बयान देते हुए कहा था कि लाखों लोग शाहीन बाग में बैठे हुए हैं। ये लोग आपके घरों में घुसेंगे, आपकी बहन-बेटियों से रेप करेंगे और उन्हें मारेंगे, कल आपको बचाने के लिए मोदी और शाह नहीं आएंगे, इसलिए अब फैसला लेने का वक्त आ गया है। प्रवेश वर्मा के इस बयान की काफी निंदा भी हुई थी।
कौन हैं प्रवेश वर्मा
प्रवेश वर्मा दिल्ली के सीएम पद के दावेदारों की लिस्ट में भी शामिल हैं। प्रवेश वर्मा भाजपा के दिग्गज नेता रहे और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद प्रवेश वर्मा की गिनती दिल्ली भाजपा के बड़े नेताओं में की जाती है। प्रवेश वर्मा 2014 में इस सीट से पहली बार चुने गए थे और इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में 5 लाख 78 हजार वोटों के भारी अंतर से दोबारा इसी सीट पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में प्रवेश वर्मा ने दिल्ली की महरौली सीट पर विधानसभा स्पीकर योगानंद शास्त्री को हराया था।
यह भी पढ़ें: विवादित नारे पर बुरे फंसे अनुराग ठाकुर, EC ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब












Click it and Unblock the Notifications