Earth Day: Climate Change जीवन को कैसे प्रभावित करता है, ये Google ने Doodle से बताया
मुंबई। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल (Google) ने 'पृथ्वी दिवस' के मौके पर अपने डूडल के जरिए जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज) को दर्शाया है। आज डूडल के जरिए यह दर्शाने की कोशिश की गई है जलवायु परिवर्तन कैसे हमारे जीवन को प्रभावित कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों से धरती पर तापमान बढ़ रहा है और ग्लेशियर घट रहे हैं। दुनियाभर के बड़े-बड़े शहरों की हवा खराब हो गई है। वायु-प्रदूषण भी लगातार बढ़ रहा है।

विश्व पृथ्वी दिवस-2022 आज
आज विश्व पृथ्वी दिवस-2022 है, और इस मौके पर गूगल ने अपने डूडल के माध्यम से जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती पर फोकस किया है। गूगल की ओर से कहा गया, "जलवायु परिवर्तन के बुरे प्रभावों से बचने के लिए और लंबे समय तक जीने के लिए अभी से एकजुट होकर सक्रिय होने की जरूरत है।"
आप देख सकते हैं कि, गूगल ने अपने होम पेज पर डूडल में पृथ्वी दिवस-2022 के बारे में कैसे जागरूकता का प्रयास किया है, जो इस ग्रह पर दशकों से हो रहे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को दर्शाता है। इसे अब तक का सबसे क्रिएटिव-एनिमेशन माना गया है।

गूगल ने डूडल के जरिए बताए प्रभाव
इस डूडल को टाइम-लैप्स इमेजरी के माध्यम से बनाया गया है, यह इमेजरी ग्रह के कई हिस्सों को दिखाती है, जिसमें प्रवाल भित्तियाँ, ग्लेशियर और सामान्य हरियाली शामिल हैं। यह दर्शाता है कि कुछ दशकों से वे स्पष्ट रूप से कम हो गए हैं। जब आप आज के डूडल पर क्लिक करेंगे, तो यह आपको जलवायु परिवर्तन पर ध्यान आकर्षित करते हुए इस मुद्दे से जुड़े कई पहलुओं को भी समझाएगा, जैसे कि जलवायु परिवर्तन के कारण क्या हैं और आम आबादी पर इसके विभिन्न प्रभाव क्या होते हैं।

जलवायु परिवर्तन से जीवन संकटों से घिर रहा
जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को बताते हुए, गूगल कहता है, "समय के साथ गर्म तापमान मौसम के पैटर्न को बदल रहा है और प्रकृति के सामान्य संतुलन को बाधित कर रहा है। इससे मनुष्यों और पृथ्वी पर जीवन के अन्य सभी रूपों के लिए कई जोखिम पैदा होते हैं।" गूगल कह रहा है कि, हमारी पृथ्वी पर जलवायु परिवर्तन का प्रमुख कारण ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन है।

ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन से निपटना होगा
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, "ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की वजह से ओजोन परत का हृास होता है। पृथ्वी पर जलवायु का जो कवच सूर्य की गर्मी और हानिकारक तत्वों को संतुलित रखता है, वो ग्लोबल वार्मिंग की भेंट चढ रहा है। इससे जलवायु परिवर्तन होता है। दुनिया अब तक के इतिहास में किसी भी पॉइंट्स की तुलना में तेजी से गर्म हो रही है।"

"लोग शाकाहार खाएं, उूर्जा बचाएं"
पृथ्वी ग्रह हमेशा हरा भरा रहे और जलवायु परिवर्तन से बचा जा सके, इसके लिए UN ActNow ने कई तरीके भी बताए हैं, जिनके माध्यम से लोग पृथ्वी दिवस 2022 के अवसर पर जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध अपना योगदान दे सकते हैं। लोगों को घर पर अधिक ऊर्जा बचाने, सार्वजनिक परिवहन नियंत्रित करने, कम मांस खाने तथा ज्यादा से ज्यादा शाकाहार के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

इस बार पृथ्वी दिवस की 52वीं वर्षगांठ
बता दें कि, विश्व पृथ्वी दिवस हर साल 22 अप्रैल को मनता है। यह पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्थन का संकल्प लेने के लिए दुनिया भर में मनाया जाने वाला एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है। पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्थन प्रदर्शित करने के लिए दुनिया भर में कई कार्यक्रम और अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार वार्षिक समारोहों की 52वीं वर्षगांठ है।












Click it and Unblock the Notifications