तेलंगाना में जल्द शुरू होगी 24 घंटे पेयजल आपूर्ति: सीएम केसीआर
तेलंगाना विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के चुनावी अभियान चरम पर है। केसीआर सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से जन- जन को अवगत कराने के लिए बीआरएस नेता एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। बीआरएस के दिग्गज नेता व प्रदेश के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने प्रजा आशीर्वाद के दौरान करीमनगर में कहा कि बीआर तीसरे कार्यकाल में सभी घरों में चौबीसों घंटे पीने के पानी की आपूर्ति करेगी।
बीआरएस प्रमुख ने शुक्रवार (17 नवंबर) को करीमनगर, चोप्पाडांडी, हुजूराबाद और पार्कल निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित प्रजा आशीर्वाद रैली में शामिल हुए। यहां उन्होंने मंच से लोगों से बीआरएस सरकार के दौरान व्यापक स्तर पर बदलाव का दावा किया। उन्होंने कहा, "तेलंगाना में अतीत के मुकाबले जो बदलाव दिख रहा है क्या वह विकास नहीं है?"

रैली में उन्होंने मतदाताओं से बिजली, पेयजल और सिंचाई जल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की आपूर्ति और अन्य सुविधाओं के संबंध में 50 साल के कांग्रेस शासन और 10 साल के बीआरएस शासन की तुलना करने की अपील की।
सीएम ने कहा, "लोगों को बीआरएस सरकार द्वारा अपने जीवन में लाए गए गुणात्मक बदलाव का एहसास होगा। लेकिन अगर कांग्रेस चुनी गई तो बीआरएस सरकार के 10 साल के प्रयास व्यर्थ हो जाएंगे।" मंच से मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने घोषणा की कि बीआरएस सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में सभी घरों में चौबीसों घंटे पीने के पानी की आपूर्ति करेगी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना देश का एकमात्र राज्य है, जो हर घर में सिर्फ 1 रुपये में पीने का पानी उपलब्ध कराता है। उन्होंने याद दिलाया कि अपने पांच दशकों के शासन के दौरान, कांग्रेस तेलंगाना के लोगों को पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं करा सकी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जारी तीसरे उन्नत अनुमान के अनुसार तेलंगाना धान उत्पादन में नंबर एक बन गया है। बीआरएस शासन के तहत, कृषि क्षेत्र में रायथु बंधु और रायथु बीमा से लेकर कृषि के लिए मुफ्त और गुणवत्ता वाले पानी और बिजली की आपूर्ति तक की कई पहलों के कारण महत्वपूर्ण परिवर्तन देखा गया।
सीएम ने आश्वासन दिया कि मनेयर नदी पर केबल ब्रिज मनेयर रिवर फ्रंट परियोजना का पहला कदम है और इसके पूरा होने के बाद करीमनगर को एक विशाल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा सीएम ने कोंडागट्टू में श्री अंजनेय स्वामी मंदिर को 1,000 करोड़ रुपये से एक तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने का भी प्रण लिया।












Click it and Unblock the Notifications