चीन ने सीधे पीएम मोदी को दी धमकी, बोला- हमारी ताकत का अंदाजा नहीं, भारतीय सेना का सफाया कर देंगे
चीन की सैन्य शक्ति का जिक्र करते हुए ग्लोबल टाइम्स के लेख में कहा गया है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) बॉर्डर इलाके में सभी भारतीय सैनिकों का सफाया करने में पूरी तरह से सक्षम हैं।
नई दिल्ली। डोकलाम विवाद को लेकर भारत और चीन के बीच लगातार हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। चीनी मीडिया के हवाले से अगले कुछ हफ्ते में चीन की ओर से हल्की सैन्य कार्रवाई की धमकी भी दी गई है। इस सबके बीच चीन के सरकारी मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स में छपे एडिटोरियल में सीधे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टारगेट करते हुए कहा गया है कि भारतीय प्रधानमंत्री को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की सैन्य क्षमता से अवगत होना चाहिए।
पीएम मोदी पर चीन का सीधा निशाना

'मोदी प्रशासन का रवैया अड़ियल'
चीन की सैन्य शक्ति का जिक्र करते हुए ग्लोबल टाइम्स के संपादकीय में कहा गया है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) बॉर्डर इलाके में सभी भारतीय सैनिकों का सफाया करने में पूरी तरह से सक्षम हैं। इसमें कहा गया है कि मोदी प्रशासन का अड़ियल रवैया रिश्ते को प्रभावित कर सकता है। एडिटोरियल में ये भी कहा गया है कि मोदी प्रशासन अंतरराष्ट्रीय मानदंडों को पीछे छोड़ते हुए, भारत के राष्ट्रीय गौरव और शांतिपूर्ण विकास को खतरे में डाल रहा है।
Recommended Video


चीन ने फिर दी कार्रवाई की धमकी
ग्लोबल टाइम्स के संपादकीय में चीन की ओर से चेतावनी भरे लहजे में कहा गया है कि अगर मोदी सरकार इस पर रोक नहीं लगाती है तो भारत खुद को युद्ध में धकेलेगा, इसे रोकने की ताकत भारत में भी नहीं है। आपको बता दें कि ग्लोबल टाइम्स को चीन की सरकार का मुखपत्र माना जाता है। ऐसे में जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी को एडिटोरियल में सीधे तौर पर संबोधित किया गया है ये चीनी सरकार की धमकी से कम नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि चीन की सरकार के बिना आदेश के इसमें कुछ नहीं छपता है।

भारत लगातार दे रहा चीन को जवाब
आपको बता दें कि गुरुवार को ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संसद में कहा था कि भारत और चीन के बीच हालात सामान्य करने में जंग कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच स्थिति कूटनीतिक तौर पर ही हल की जा सकती है।

50 दिन से डोकलाम को लेकर जारी है जुबानी जंग
डोकलाम विवाद को करीब 50 दिन हो चुके हैं। इस दौरान चीन की ओर से कहा गया कि भारत ने डोकलाम में अपनी ताकत कम कर दी है। हालांकि भारत ने सीमा पर सैन्य ताकत में कटौती के चीन के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि, विदेश मंत्रालय के आधिकारिक बयान में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications