डॉक्टरों ने किडनी से 206 स्टोन निकाल कर बचाई 56 वर्षीय मरीज की जान, एक घंटे तक चला ऑपरेशन
तेलंगाना के हैदराबाद में डॉक्टरों ने एक मरीज के किडनी से 206 स्टोन निकालने में सफलता प्राप्त की है।
नई दिल्ली, 20 मई: तेलंगाना के हैदराबाद में डॉक्टरों ने एक मरीज के किडनी से 206 स्टोन निकालने में सफलता प्राप्त की है। मरीज कई दिनों से बाईं कमर में तेज दर्द से परेशान था। जांच कराने पर पता चला कि किडनी में स्टोन है। डॉक्टरों ने कीहोल सर्जरी के माध्यम से 206 किडनी स्टोन निकालकर मरीज की जान बचाई है।

6 महीने से था कमर दर्द से परेशान
हैदराबाद में अवेयर ग्लेनीगल्स ग्लोबल हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने कीहोल सर्जरी के जरिए एक घंटे में एक मरीज से 206 किडनी स्टोन निकाले। रोगी छह महीने से अधिक समय से अपनी बायीं कमर में तेज दर्द से पीड़ित था, जो गर्मी के महीनों में बढ़ते तापमान के चलते और बढ़ जाता था।

दर्द से नहीं मिल रही थी राहत
नलगोंडा निवासी 56 वर्षीय वीरमल्ला रामलक्ष्मैया ने शुरू में लोकल डॉक्टरों से दिखाया, लेकिन दर्द से थोड़े समय के लिए राहत मिली पर दर्द पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ। इसके बाद 22 अप्रैल को उन्होंने अवेयर ग्लेनीगल्स ग्लोबल अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाया।

इस जांच से पता चला
अवेयर ग्लेनीगल्स ग्लोबल हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, यूरोलॉजिस्ट डॉ. पूला नवीन कुमार ने कहा कि कुछ शुरुआती जांच और अल्ट्रासाउंड स्कैन में कई लेफ्ट रीनल कैलीकुली (बाईं ओर किडनी स्टोन) मिलने का पता चला। इस बारे में और जानकारी के लिए सीटी कुब स्कैन किया गया।

दो दिन बाद मिली छुट्टी
डॉ. पूला नवीन कुमार ने कहा कि मरीज की काउंसलिंग की गई और एक घंटे तक चलने वाली कीहोल सर्जरी के लिए तैयार किया गया। इस दौरान सभी 206 कैलीकुली (पत्थर) को हटा दिया गया। इसके बाद, मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए। दूसरे दिन बाद अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई।

ऐसे बनता है किडनी में स्टोन
डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी के दिनों में अत्यधिक उच्च तापमान के चलते बहुत से लोग डीहाइड्रेशन से परेशान होते हैं। जिसके परिणामस्वरूप किडनी में स्टोन बन जाता है। इससे बचाव के लिए डॉक्टरों ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं।












Click it and Unblock the Notifications