एलोपैथी पर बाबा रामदेव के बयान के खिलाफ आज देश भर में डॉक्टरों ने किया विरोध प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग की
एलोपैथी और आधुनिक चिकित्सा पर बाबा रामदेव द्वारा दिए गए बयान के बाद उनके खिलाफ लगातार विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
नई दिल्ली, 1 जून। एलोपैथी और आधुनिक चिकित्सा पर बाबा रामदेव द्वारा दिए गए बयान के बाद उनके खिलाफ लगातार विरोध के स्वर उठ रहे हैं। इसी क्रम में आज देश भर के डॉक्टरों ने बाबा रामदेव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किये और काला दिवस मनाया। बाबा रामदेव की गिरफ्तारी की मांग करते हुए देश भर के कई अस्पतालों के कर्मचारियों ने आज प्रदर्शन किया। वहीं, चिकित्सा संघों ने रामदेव से उनकी टिप्पणी के लिए बिना शर्त सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने को कहा है।

आपको बता दें फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA), इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) समते कई संगठनों ने बाबा रामदेव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। हालांकि FORDA ने प्रदर्शन में भाग लेने वाले डॉक्टरों को सलाह ही है कि प्रदर्शन करते वक्त ड्यूटी बाधित नहीं होनी चाहिए। इसलिए कई डॉक्टर ड्यूटी के दौरान पीपीई किट पहनकर और काली पट्टी बांधकर बाबा रामदेव के बयान का विरोध कर रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन में यूपी, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत रेजीडेंट डॉक्टर्स भी हिस्सा ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना की दूसरी लहर में 1 करोड़ से ज्यादा लोगों की गई नौकरी, मई में 12% रही बेरोजगारी दर- CMIE
एम्स के डॉक्टरों ने किया विरोध प्रदर्शन
बाबा रामदेव द्वारा एलोपैथी को लेकर दिए बयान का आज दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। जम्मू कश्मीर में भी बड़ी संख्या में डॉक्टर बाबा रामदेव का विरोध करते नजर आए। एम्स के अलावा दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने भी योग गुरू रामदेव का जमकर विरोध किया। इस दौरान कई डॉक्टरों ने हाथ में काली पट्टी बांध रखी थी।
बाबा रामदेव से क्यों नाराज हैं डॉक्टर
दरअसल हाल ही में बाबा रामदेव की एक वीडियो क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें वह एलोपैथी चिकित्सा पर सवाल उठाते नजर आए। उन्होंने एलोपैथी पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोरोना के दौरान एलोपैथिक दवाओं के सेवन से लाखों मरीजों की मौत हो गई। रामदेव के इसी बयान पर देश भर के डॉक्टरों में गुस्सा है।
अपने बयान को लेकर रामदेव ने मांगी माफी
स्वामी रामदेव एक मीडिया चैनल को दिए साक्षात्कार में एलोपैथी और आईएमए को लेकर दिए बयान पहले ही वापस ले चुके हैं लेकिन उसके बाद भी उनके खिलाफ डॉक्टरों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। रामदेव ने एक टीवी चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा था कि मैने जो भी बयान दिया था मैं उसे वापस लेता हूं। मैं उन डॉक्टरों को प्रणाम करता हूं जिन्होंने कोरोना संकट में अपने प्राण त्यागकर दूसरों को बचाया।












Click it and Unblock the Notifications