दिल्ली के अस्पताल में डॉक्टर का कारनामा, सिर की चोट में कर दिया पैर का ऑपरेशन
नई दिल्ली। दिल्ली के सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां ट्रॉम सेंटर के भीतर एक मरीज के सिर में चोट लगी थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसके पैर का ऑपरेशन कर डाला। यह अस्पताल दिल्ली सरकार के अंतर्गत आता है, जहां मरीज को सिर में चोट लगने के बाद भर्ती कराया गया था। विजयेंद्र त्यागी नाम के मरीज को एक्सिडेंट में चोट लग गई थी, जिसके बाद उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे, बावजूद इसके डॉक्टरों ने उसके पैर का ऑपरेशन कर डाला।

मरीज को नहीं पता चला
दरअसल अस्पताल में दो मरीज भर्ती किए गए थे, जिसमे एक विजयेंद्र और दूसरा वीरेंद्र नाम का मरीज था, वीरेंद्र के पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने गलती से विजयेंद्र के पैर का ऑपरेशन कर डाला। डॉक्टर ने जब मरीज के दाएं पैर में ड्रिल मशीन से छेद किया तो मरीज को इस बात का पता नहीं चला क्योंकि उसे एनेस्थिसिया दिया गया था। विजयेंद्र त्यागी के बेटे अंकित त्यागी का कहना है कि उसने जब इसे देखो तो इसकी डॉक्टर से शिकायत की।
कमेटी का गठन
यह ऑपरेशन 19 अप्रैल को सुबह तकरीबन 9.30 बजे किया गया था, जिसके बाद दूसरा ऑपरेशन करके मरीज के पैर से पिन को बाहर निकाला गया। वहीं इस बारे में मेडिकल सुप्रिटेंडेंट का क नहा है कि इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है जोकि इसकी जांच के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करेगी। डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से ऑपरेशन करने से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
क्या होता यह ऑपरेशन
वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि पैर में पिन डालने की प्रक्रिया बहुत ही मामूली होती है, जिसे लोक एनेस्थिसिया देने के बाद डाला जाता है। जिसे टूटी हुई हड्डी को जोड़ने के लिए लगाया जाता है, जिससे की हड्डियों का वजन इसपर टिका रहे और वह जुड़ जाएं। इस ऑपरेशन के जरिए मरीज की हड्डी को सही जगह पर फिक्स कर दिया जाता है, जिसके बाद वह धीरे-धीरे जुड़ जाती है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी में
वहीं अंकित त्यागी का कहना है कि मेरे पिताजी के सिर में अभी भी दर्द बरकरार है और उनके सीने में दर्द होता है। लेकिन इस ऑपरेशन की वजह से वह चल भी नहीं पा रहे हैं। वहीं मरीज के परिवार ने डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। आपको बता दें कि दो वर्ष पहले दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब डॉक्टर ने मरीज के गलत पैर का ऑपरेशन कर दिया था।
इसे भी पढ़ें- 'देश में रेप पर फांसी की सजा' के बीच एक 'बलात्कारी' की मौत पर लोगों ने काटा बवाल












Click it and Unblock the Notifications