19 बागी विधायकों को लेकर डीके शिवकुमार का बड़ा बयान, कहा- कोई भी MLA अपनी सदस्यता खोना नहीं चाहता
नई दिल्ली। 18 सालों तक कांग्रेस में रहने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था। वे काफी समय से पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे। इसके बाद कई कांग्रेस विधायकों ने इस्तीफा देकर कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस्तीफा देने वाले 19 विधायक बेंगलुरु में ठहरे हुए हैं। इस बीच, मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठापटक पर कर्नाटक कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार का बयान आया है।

कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे पर कहा, 'कोई भी कांग्रेस को खत्म नहीं कर सकता। नेता आते हैं, जाते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।' कांग्रेस नेता ने आगे कहा, सभी विधायक (मध्य प्रदेश) जो यहां हैं, वे अपनी सदस्यता नहीं खोना चाहते हैं। मुझे यकीन है कि वे समझ जाएंगे, वापस जाना है और सरकार को बचाना है।'
जबकि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी मध्य प्रदेश के हालात पर बयान दिया। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे पर कहा, 'ऐसे अवसरवादियों को पार्टी बहुत पहले छोड़ देना चाहिए था। कांग्रेस पार्टी ने उनको 18 साल तक बहुत कुछ दिया। मौका आने पर मौकापरस्ती दिखाई है। उनको जनता सबक सिखाएगी।' मध्य प्रदेश के 95 कांग्रेस विधायकों को भोपाल से जयपुर शिफ्ट किया जा रहा है। बीजेपी ने भी अपने विधायकों को गुरुग्राम एक होटल में रखा है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस से इस्तीफा देने के एक दिन बाद बुधवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। वह राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। वे अपने घर से बीजेपी प्रवक्ता जफर इस्लाम के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उनको भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। जबकि सिंधिया ने कहा कि अब कांग्रेस पहले वाली कांग्रेस नहीं रह गई है।












Click it and Unblock the Notifications