एक्टर दिलीप कुमार के दोनों भाई कोरोना से संक्रमित, लीलावती अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली: कोरोना वायरस पूरे देश में तेजी से फैल रहा है। जिस वजह से अब संक्रमित मरीजों की संख्या 26 लाख के पार पहुंच चुकी है। अभिनेता से लेकर नेता तक, आम आदमी से लेकर VVIP तक सब इसकी चपेट में आ रहे हैं। अब अभिनेता दिलीप कुमार के दोनों भाई कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिनको मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों का ऑक्सीजन लेवल शनिवार को बहुत ज्यादा कम हो गया था।

जानकारी के मुताबिक दोनों भाई अहसान खान और असलम खान को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। दोनों की उम्र भी काफी ज्यादा है, जिस वजह से उन्हें वेंटिलेटर (ICU) पर रखा गया है। इसके अलावा उन्हें ब्लड प्रेशर और हार्ट से संबंधित दिक्कत भी है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टर्स के मुताबिक उम्र और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से थोड़ी चिंता की बात जरूर है, लेकिन फिलहाल अभी दोनों की हालत स्थिर हैं।
दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो के मुताबिक दोनों भाई जल्द ठीक होकर घर वापस आ जाएंगे। उन्हें लीलावती अस्पताल के डॉक्टर्स पर पूरा भरोसा है। वहीं दिलीप कुमार पूरी तरह से स्वस्थ हैं और घर पर आराम कर रहे हैं।
आपको बता दें कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 26.18 लाख हो गई है, जिसमें से 50,453 की मौत हुई है, जबकि 18.90 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां 5.84 मरीज समाने आए हैं, जबकि 19,749 की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications