Budget 2026 Cloud Companies: बजट में क्लाउड और AI कंपनियों के लिए क्या है बड़ा ऐलान? यूजर पर क्या पड़ेगा असर
Budget 2026 Cloud Companies Ko Kya Mila: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए टेक्नोलॉजी और डिजिटल सेक्टर को भारत का भविष्य और AI सेक्टर में विकास को लेकर दूरगामी सोच रखी। अपने भाषण में उन्होंने साफ किया कि आने वाले वर्षों में भारत को डिजिटल पावरहाउस बनाने के लिए सरकार क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा दांव लगा रही है।
इसी कड़ी में बजट 2026 में क्लाउड और AI से जुड़ी कंपनियों के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान किया गया है, जिसे भारत के डिजिटल इकोसिस्टम के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।

विस्तार से जानिए क्लाउड कंपनी, AI सेक्टर में भारत का विकास, डेटा सेफ्टी और हाई स्पीड डेटा को लेकर क्या-क्या घोषणाएं की गई हैं...
Aam Budget 2026 में क्लाउड कंपनियों के लिए क्या है?
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि विदेशी क्लाउड कंपनियों को वर्ष 2047 तक टैक्स में छूट दी जाएगी, बशर्ते वे भारत में बने डेटा सेंटर का इस्तेमाल करें। बजट 2026 के मुताबिक विदेशी क्लाउड कंपनियां अगर भारत स्थित डेटा सेंटर से वैश्विक ग्राहकों को सेवाएं देती हैं, तो उन्हें टैक्स छूट मिलेगी। अगर कोई विदेशी कंपनी भारतीय रीसेलर के जरिए भारतीय ग्राहकों को क्लाउड सर्विस देती है, तब भी वह इस टैक्स छूट के दायरे में आएगी।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से भारत में बड़े पैमाने पर निवेश बढ़ेगा और मेगा डेटा सेंटर स्थापित होंगे। AI और क्लाउड से जुड़ी सेवाओं की रफ्तार तेज होगी जिससे युवाओं के लिए नई टेक नौकरियां पैदा होंगी। AI के दौर में डेटा को "नया तेल" माना जा रहा है और ऐसे में डेटा सेंटर किसी भी डिजिटल अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुके हैं।
Data Centre Policy के लिए सरकार का मकसद क्या है?
सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि भारत सिर्फ डेटा का उपभोक्ता न रहे, बल्कि डेटा प्रोसेसिंग और क्लाउड सर्विस का ग्लोबल हब बने।
- भारत में डेटा लोकलाइजेशन को बढ़ावा
- विदेशी कंपनियों को भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए प्रेरित करना
- डिजिटल इंडिया मिशन को नई ऊंचाई देना
आम यूजर पर क्या होगा क्लाउड फैसले का असर?
यह समझना जरूरी है कि यह फैसला तुरंत आम लोगों की जिंदगी नहीं बदलेगा। यह एक पॉलिसी लेवल डिसिजन है, जिसका असर धीरे-धीरे दिखेगा।
1. ऐप्स और वेबसाइट की लोडिंग स्पीड में तेजी
अगर बड़ी टेक कंपनियां भारत में बने डेटा सेंटर का इस्तेमाल करती हैं, तो ऐप्स और वेबसाइट की लोडिंग स्पीड बेहतर हो सकती है। खासतौर पर वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन गेमिंग और क्लाउड-बेस्ड एप्लिकेशन में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। हालांकि यह फायदा सभी ऐप्स और वेबसाइट्स पर एक जैसा नहीं होगा, क्योंकि यह कंपनियों की टेक्निकल स्ट्रक्चर पर भी निर्भर करेगा।
2. डिजिटल सर्विस की लागत होगी कम
भारत में डेटा सेंटर इस्तेमाल करने से कंपनियों का ऑपरेशन खर्च कम हो सकता है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि यूजर्स को तुरंत सस्ती डिजिटल सेवाएं मिलने लगेंगी। कुछ सर्विसेज की कीमतों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है, जबकि कई सेवाओं पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा।
3. डेटा सेफ्टी के लिए सरकार सख्त
डेटा भारत में स्टोर होने से कानूनी नियमों और रेगुलेशन का पालन आसान होगा। इससे सरकार की निगरानी जरूर बढ़ेगी, लेकिन यह मान लेना सही नहीं होगा कि इससे डेटा पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा। हालांकि इतना तय है कि इससे रेगुलेटरी कंट्रोल और डेटा गवर्नेंस पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
4. AI फीचर्स पर क्या पड़ेगा असर
भारत में कंप्यूटिंग पावर और डेटा की उपलब्धता बढ़ने से AI टूल्स और प्लेटफॉर्म डेवलप करना आसान हो जाएगा। कंपनियां नए और ज्यादा एडवांस AI फीचर्स पेश कर सकेंगी। इसका सीधा फायदा पहले कंपनियों को मिलेगा, जबकि आम यूजर्स को इसका असर लॉन्ग टर्म में धीरे-धीरे महसूस होगा।
5. नौकरियां और सर्विस सपोर्ट के लिए क्या है खास?
नए डेटा सेंटर बनने से टेक सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे कस्टमर सपोर्ट, टेक्निकल सर्विस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा। यह असर भले ही अप्रत्यक्ष हो, लेकिन लंबे समय में यह बदलाव काफी अहम साबित हो सकता है।
AI Sector Budget 2026: AI पर रहा सरकार का खास फोकस
बजट 2026 में AI को सिर्फ प्राइवेट सेक्टर तक सीमित नहीं रखा गया है। सरकार चाहती है कि AI का इस्तेमाल सरकारी सेवाओं में भी हो। इसके साथ ही हेल्थ, शिक्षा और कृषि जैसे सेक्टर में AI आधारित समाधान निकाले जाए। सरकारी सिस्टम ज्यादा तेज, पारदर्शी और स्मार्ट बनें ताकि आम जनता को राहत मिले और उनके समय की बचत हो सके।
सरकार ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बड़ा बजट आवंटन किया है। जिससे इंटरनेट कनेक्टिविटी बेहतर होगी और डेटा नेटवर्क मजबूत होंगे। सरकार के इस दुरगामी कदम से 5G और भविष्य की तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।
Budget 2026 में क्लाउड और AI को लेकर सरकार का रुख साफ है-भारत को 2047 तक ग्लोबल डिजिटल लीडर बनाना। टैक्स छूट, डेटा सेंटर पर जोर और AI को सरकारी सेवाओं तक ले जाने की रणनीति से यह साफ है कि यह बदलाव तुरंत नहीं, लेकिन लंबे समय में आम यूजर, स्टार्टअप्स और टेक इंडस्ट्री सभी के लिए बड़ा असर लेकर आएगा।












Click it and Unblock the Notifications