पुलिस का बेरहम चेहरा! चोरी के आरोप में दिव्यांग को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा: VIDEO
ओडिशा के रेलवे स्टेशन पर मानवता को शर्मसार कर देने वाला वीडियो सामने आया, जहां पुलिसवालों ने दव्यांग पर लात-घूंसे बरसाए।
भुवनेश्वर। जो पुलिस हमारी मदद के लिए होती है, वहीं अगर अपराधी बन जाए तो समाज की हालात का अंदाजा लगा पाना मुश्किल नहीं है। मदद करने के बजाए पुलिस खुद ही दबंगई दिखाने लगे तो लोगों की रक्षा भगवान भरोसे होगी। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया, जहां पुलिसवालों का गुस्सा एक दिव्यांग पर फूटा। ओडिशा के बालासोर में रेलवे पुलिस ने एक दिव्यांग को बुरी तरह पीटा।

3 जनवरी की घटी इस घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें रेलवे पुलिस शारीरिक रुप से अक्षम एक व्यक्ति को बुरी तरह से पीट रही है। पुलिस कर्मियों ने दिव्यांग के मुंह पर लातें मारीं। एएनआई के मुताबिक ओडिशा के बालासोर सिटी रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस ने एक दिव्यांग पर सख्ती दिखाई और उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दोनों पैरों से अपाहिज एक बुजुर्ग दिव्यांग पर किसी ने मोबाइल चोरी का आरोप लगा दिया, जिसके बाद सूचना मिलने पर पहुंचे रेलवे पुलिस के दो जवानों ने उससे पूछताछ की। जब उसके पास से उन्हें कुछ भी नहीं मिला तो फिर गुस्साते हुए दोनों पुलिसवालों ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
बुजुर्ग उनसे माफी मांगता रहा, लेकिन पुलिसवाले उसकी सुनने को तैयार नहीं थे। गौरतलब है कि दिव्यांगों की इस तरह क्रूरता से पिटाई का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसे शर्मसार करने वाले मामले सामने आते रहे हैं। कुछ महीनों पहले ही बस्ती में शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची दिव्यांग महिला की पुलिस ने बेरहमी से पिटाई कर दी थी। देखें मानवता को शर्मसार कर देने वाला वीडियो...












Click it and Unblock the Notifications