कबाब, सैंडविच और ढोकला का स्वाद चखेंगे मोदी की शपथ ग्रहण में आने वाले मेहमान

आपको बता दें कि अटल बिहारी वाजपेई और उनकी कैबिनेट ने भी इसी जगह पर शपथ ली थी। नरेंद्र मोदी तीसरे ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो राष्ट्रपति भवन के खुले प्रांगण में शपथ लेंगे।
वहीं इस शपथ ग्रहण में आने वाले करीब 3,000 मेहमानों के लिए मेन्यू भी तैयार हो चुका है। इस समारोह के दौरान ज्यादातर शाकाहारी व्यंजनों को जगह दी जाएगी। पहले तैयार किए प्लान में सिर्फ शाकाहारी व्यंजनों को ही शामिल किया गया था।
बाद में जब विदेशी मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया तो फिर पिछले दो दिनों के दौरान इस प्लान को चेंज कर इसमें कुछ नॉन वेजिटेरियन व्यंजनों को भी जगह मिली।
मोदी शपथ ग्रहण में आने वाले मेहमानों के राष्ट्रपति भवन के नॉर्थ और साउथ कोर्ट में हाई टी का आयोजन होगा। इस हाई टी के दौरान मेहमानों को सैंडविच, ढोकला, कबाब, पैटीज, इमरती, कचौड़ी, वेफर्स, बिस्कुट, कोल्ड ड्रिंक्स और चाय सर्व की जाएगी।
समारोह के दौरान राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट के सदस्य, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया, उनके परिवार के सदस्य और विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए राष्ट्रपति भवन का नॉर्थ कोर्ट तैयार किया जा रहा है।
वहीं साउथ कोर्ट में 800 सांसद और उनके परिवार के सदस्यों के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। वीवीआईपी मेन्यू को दोनों जगहों पर आने वाले मेहमानों को एक समान तौर पर सर्व किया जाएगा।
तैयारियों में शामिल एक व्यक्ति के मुताबिक ढोकला अभी तक राष्ट्रपति भवन में सर्व नहीं किया गया है। यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री के अनुरोध पर ढोकला मेहमानों के बीच परोसा जाएगा।
हाई टी के दौरान परोसे जाने वाले ज्यादातर व्यंजनों को राष्ट्रपति भवन के किचन में ही पकाया जाएगा। इसमें टूरिज्म विभाग और हैदराबाद हाउस के स्टाफ की थोड़ी मदद ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications