DGCA ने जारी की एडवाइजरी, मेटासर्च इंजन नहीं एयरलाइन की वेबसाइट पर ही देखें किराया
नई दिल्ली, 10 अगस्त: नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को सलाह दी है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट से ही किराए की जांच करें और सर्च इंजन पर पूरा भरोसा ना करें। डीजीसीए ने कहा है कि मेटासर्च इंजन पर दिखाए गए टिकट की कीमतें अक्सर अलग होती हैं। सोमवार को डीजीसीए ने एयरलाइंस से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि मेटासर्च इंजन वेबसाइट पर दिखाया जाने वाला हवाई किराया उनकी खुद की वेबसाइट पर दिखाए जा रहे किराये से अधिक नहीं हो। इसके एक दिन बाद अब यात्रियों के लिए डीजीसीए ने एडवाइजरी जारी कर ये सलाह दी है।

डीजीसीए ने अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को कहा है कि वह टिकट बुक करने से पहले संबंधित एयरलाइंस की वेबसाइटों से किराए की जांच करना ना भूलें। ये जरूरी है क्योंकि मेटासर्च इंजन कई बार गलत किराया दिखाता है। देश में गूगल और स्काईस्कैनर सहित कई मेटासर्च इंजन वेबसाइट ऑपरेट करती हैं।
किराए को लेकर आई थी शिकायत
गृह मंत्रालय के अंतर-राज्य परिषद सचिवालय में सचिव संजीव गुप्ता ने ट्विटर पर शिकायत करते हुए कहा था कि ब्रिटिश एयरवेज का 26 अगस्त की दिल्ली-लंदन फ्लाइट का इकोनॉमी क्लास का किराया 3.95 लाख रुपए बताया गया। नागर विमानन मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अगस्त के दौरान दिल्ली-लंदन उड़ान का किराया 1.03 लाख से 1.47 लाख रुपए तक है। इस पर कई लोगों ने ट्विटर पर लिखा कि ये बहुत असमंजस पैदा करने वाली स्थिति है। जिसके बाद डीजीसीए ने एडवाइजरी जारी की। डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि कई बार मेटासर्च इंजन पर टिकट की कीमतें एयरलाइंस की वेबसाइट पर दिखाए गए किराए से बहुत ज्यादा होती हैं, जिससे यात्री को परेशानी होती है।












Click it and Unblock the Notifications