पुलिस को उस महिला की तलाश जिसने dustbin में फेंकी 7 लाख रुपए की 14 गड्डियां
नई दिल्ली। नोएडा के सेक्टर 18 स्थित डीएलएफ मॉल के वॉशरूम में सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां वॉशरूम के भीतर नोटों की गड्डियां बरामद की गई है। जिसके बाद यहां हड़कंप मच गया। मामले की जांच करने जब पुलिस वॉशरूम में पहुंची तो वह दंग रह गई, आखिर कैसे इतनी नोटों की गड्डियां मॉल के भीतर वॉशरूम में आई और इसे क्यों किसी ने यहां फेंक दिया। घटना के सामने आने के बाद पुलिस मॉल के भीतर के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की पड़ताल कर रही है।

दरअसल डीएलएफ मॉल दिल्ली एनसीआर के सबसे बड़े मॉल में से एक है। यहां कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के शोरूम हैं, यहां लोगों की भारी भीड़ हमेशा रहती है। ऐसे में मॉल की भीड़ के बीच एक महिला ने वॉशरूम के भीतर रखे डस्टबिन में नोटों की गड्डियों से भरा बैग फेंक दिया। जिसके बाद पूरे मॉल में सनसनी मच गई। जानकारी के अनुसार एक महिला ने मॉल के डस्टबिन में यह पैसा फेंका है। यह तमाम पुराने 1000 और 500 रुपए के नोट हैं, जिन्हें नोटबंदी के बाद बंद कर दिया गया है।
20 सितंबर का मामला
जानकारी के अनुसार बैग में कुल 7 लाख रुपए के पुराने नोट हैं, जिसे देखकर हड़कंप मच गया। यह मामला 20 सितंबर का है, जब मॉल के ग्राउंड फ्लोर स्थित वॉशरूम के भीतर सफाई करने के लिए महिला कर्मचारी पहुंची तो उसने इन नोटों की गड्डियां देखी, जिसके बाद मॉल प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएलएफ चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और यहां से 14 नोटों की गड्डियां बरामद की। जिसमे 1000 रुपए के 15 नोट हैं, और 500 के 1370 नोट हैं।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी महिला
पुलिस को इस बात पर शक है कि वॉशरूम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक महिला की फोटो आई है जिसके हाथ में बैग है। ऐसे में शक है कि इसी महिला ने नोटों की गड्डियां यहां छोड़ी है। कैमरे में देखा जा सकता है कि महिला जब वॉशरूम जाती है तो उसके पास बैग होता है, लेकिन जब बाहर आती है तो उसके पास कोई बैग नहीं है। ऐसे में पुलिस को शक है कि इसी महिला ने मॉल के भीतर इस पैसे को रखा हो। लिहाजा पुलिस इस महिला की तलाश कर रही है।
इसे भी पढ़ें- शांति भंग करने वालों को हम अब मुंहतोड़ जवाब देंगे: मन की बात में PM मोदी












Click it and Unblock the Notifications