हैदराबाद में डिलिवरी एग्जीक्युटिव पर कुत्ते का हमला, तीसरी मंजिल से नीचे गिरा व्यक्ति
हैदराबाद में डिलिवरी एग्जीक्युटिव पर पालतू कुत्ते ने धावा बोला। खुद को बचाने के चक्कर में डिलिवरी एग्जीक्युटिव अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा

फूड डिलिवरी करने वाले एग्जीक्युटिव को हैदराबाद में एक कुत्ते ने काट लिया है। जानकारी के अनुसार जब डिलिवरी एग्जीक्युटिव रविवार को दोपहर में डिलिवरी करने के लिए गया तो अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर खुद को कुत्ते से बचाने के चक्कर में वह नीचे गिर गया, जिसके बाद उसे गंभीर चोट आई है।
बता दें कि इस तरह की यह लगातार दूसरी घटना है। इससे पहले इसी वर्ष जनवरी माह में भी इस तरह की घटना सामने आई थी, जब कुत्ते से बचने के चक्कर में डिलिवरी एग्जीक्युटिव अपार्टमेंट से नीचे गिर गया था।
हैदराबाद के पंचवटी कालोनी स्थित श्रीनिधि हाईट्स अपार्टमेंट में जब एक डिलिवरी एग्जीक्युटिव मैट्रेस को डिलिवर करने के लिए पहुंचा तो उसपर पालतू कुत्ते डाबरमैन ने हमला बोल दिया।
पुलिस के अनुसार डिलिवरी एग्जीक्युटिव की उम्र 30 वर्ष है, वह बिल्डिंग में ग्राहक का मैट्रेस डिलिवर करने के लिए आया था। इस दौरान ग्राहक के फ्लैट का दरवाजा थोड़ा खुला हुआ था।
हालांकि जब यह घटना हुई तो ग्राहक और यहां रहने वाले अन्य लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। डिलिवरी एग्जीक्युटिव इलियास को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि डाबरमैन ने अचानक इलियास पर धावा बोल दिया, जिसके बाद खुद को बचाने के लिए भागने के दौरान इलियास तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया।
पुलिस ने इस मामले में सेक्शन 289 के तहत केस दर्ज कर लिया है। तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर यूनियन ने मांग की है कि कुत्ते के मालिक को डिलिवरी एग्जीक्युटिव के इलाज का पूरा खर्च वहन करना चाहिए।
गौर करने वाली बात है कि इसी तरह की घटना इस वर्ष एक बार और हो चुकी है जब 23 साल के रिजवान की बिल्डिंग से नीचे गिरने की वजह से मौत हो गई थी। रिजवान स्विगी के लिए काम करता था। वह बंजारा हिल्स में पार्सल देने के लिए गया था। इसी दौरान कुत्ते ने उसपर हमला कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications