जो यमुना लॉकडाउन में हो गई थी साफ, अब ऐसी हुई उसकी हालत, देखिए VIDEO
नई दिल्ली। जब भी यमुना नदी की बात करें तो जहन में अक्सर सफेद झाग वाले पानी की तस्वीर दिखाई देने लगती है। जिससे पता चलता है कि नदी का पानी कितना ज्यादा प्रदूषित हो गया है। लेकिन कोरोना वायरस लॉकडाउन के बाद सोशल मीडिया पर ऐसी कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए, जिनमें नदी का पानी एकदम साफ दिखाई दे रहा था। लोगों को भी यमुना की ये सुंदरता काफी अच्छी लग रही थी। लेकिन आपको ये जानकर हैरानी होगी कि ऐसा लंबे समय तक जारी नहीं रह सका है। अब यमुना नदी की ताजा तस्वीरें सामने आई हैं।
Recommended Video

यमुना की इन ताजा तस्वीरों के साथ ही एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यमुना में एक बार फिर सफेद झाग दिख रहे हैं। एक बार फिर नदी का पानी प्रदूषित हो चुका है। लॉकडाउन के दौरान मैली यमुना बेशक साफ हो गई थी लेकिन इसमें दोबारा जहरीला झाग वाला पानी दिखाई देने लगा है। जानकारी के मुताबिक यमुना में फैल रहे इस झाग वाले पानी के कारण बीमारी फैलने का खतरा तक बढ़ सकता है। ऐसी ही तस्वीरें लॉकडाउन से पहले भी सामने आई थीं, तब राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा गठित यमुना निगरानी पैनल ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण कमेटी (डीपीसीसी) से कहा था कि नदी में इस तरह होने वाले प्रवाह के पीछे का कारण पता लगाएं। साथ ही एक रिपोर्ट भी पेश करने को कहा गया था।

भविष्य में कैसे साफ रह सकती है यमुना?
यमुना नदी को लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार अगर ये समझ लें कि लॉकडाउन के दौरान नदी किस तरह से साफ हुई, तो उसी के अनुसार आगे की योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। जिसके चलते यमुना को हमेशा ही साफ रखा जा सकता है। इसके साफ होने से जल संकट की समस्या भी दूर होगी। लॉकडाउन के दौरान नदी की गुणवत्ता काफी अच्छी हो गई थी।
लॉकडाउन में क्यों हुई साफ?
वहीं लॉकडाउन के समय की बात करें तो उस वक्त बाजार बंद थे, जिसके कारण सीवर का लोड काफी कम हो गया था। इसके साथ ही इसमें इंसानी दखल भी कम हुआ था, पहले लोग नदी में कूड़ा करकट डाल दिया करते थे। लेकिन लॉकडाउन के समय ये सब बंद हो गया था, जिसके कारण नदी एक बार फिर से पुर्नजीवित हो उठी थी। हालांकि अब लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद से नदी फिर से प्रदूषित हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications