Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में तेज आंधी व बारिश, कई रूटों पर मेट्रो व कुछ उड़ानें प्रभावित
Delhi Weather Update: दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। कई दिनों से 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान झेल रही दिल्ली-एनसीआर में तेज़ आंधी और धूलभरी हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने राहत तो दी, लेकिन जनजीवन को भी प्रभावित किया।
दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे इलाके में तेज़ हवाओं और बारिश का दौर चला। वहां से कई वीडियो व तस्वीरें सामने आई हैं। उड़ानों पर आंशिक प्रभाव की खबरें हैं।

नोएडा के सेक्टर-10 इलाके में तेज़ धूलभरी आंधी चली। मौसम के अचानक बदले मिजाज से लोग सतर्क नजर आए। दिल्ली के तीन मूर्ति मार्ग में तेज़ हवा और भारी बारिश के कारण एक पेड़ उखड़ गया। ओलावृष्टि ने भी असर दिखाया। गीता कॉलोनी में तेज़ आंधी, बारिश और ओले गिरने के दृश्य सामने आए।
उधर, गाज़ियाबाद में तेज़ हवाओं, भारी बारिश और बिजली कड़कने की घटनाएं दर्ज की गईं। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई। हरियाणा के करनाल जिले में भी तेज़ बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का असर देखने को मिला है।
बता दें कि भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के बड़े हिस्से में अचानक बदले मौसम ने गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन तेज़ हवाओं और बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ घंटों तक इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना जताई है।
इंडिगो ने प्रेस बयान जारी किया - "दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 को रास्ते में अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। फ्लाइट और केबिन क्रू ने स्थापित प्रोटोकॉल का पालन किया और विमान को श्रीनगर में सुरक्षित रूप से उतारा गया। विमान के आगमन के बाद एयरपोर्ट की टीम ने ग्राहकों की देखभाल की और उनकी भलाई और आराम को प्राथमिकता दी। आवश्यक निरीक्षण और रखरखाव के बाद विमान को छोड़ दिया जाएगा।"

दिल्ली में मेट्रो सेवाएं प्रभावित
डीएमआरसी ने सेवा अपडेट जारी किया है। अचानक आए तूफान के कारण कुछ स्थानों पर ओएचई या बाहरी वस्तुओं के मेट्रो ट्रैक पर गिरने/आने से कुछ नुकसान हुआ है। परिणामस्वरूप, शहीद नगर, जहांगीरपुरी और निजामुद्दीन स्टेशनों के पास क्रमशः रेड, येलो और पिंक लाइनों पर इन प्रभावित खंडों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं और उन्हें विनियमित किया जा रहा है। सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए इन वस्तुओं को हटाने और ओएचई को तत्काल बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications