26 जनवरी की हिंसा के बाद टिकरी बॉर्डर पर लगा दिल्ली पुलिस का नोटिस, किसानों से जगह खाली करने को कहा
नई दिल्ली। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस अब काफी अलर्ट पर है। पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर नोटिस के रूप में पोस्टर लगाए हैं, जिनमें किसानों के लिए एक वैधानिक चैतावनी है। हिंदी और पंजाबी भाषा में लिखी इस चेतावनी में कहा गया है कि आपके आंदोलन को अवैध माना गया है, इसलिए आपको वॉर्निंग दी जा रही है कि आप इस जगह को खाली कर दीजिए और अगर ऐसा नहीं किया तो हमें कानूनी कार्रवाई करनी होगी।

Recommended Video
अब अगर कानून का उल्लंघन हुआ तो कार्रवाई होगी- पुलिस
एडिशनल डीसीपी सुधांशु धामा ने बताया है कि 26 जनवरी की हिंसा के बाद ये पोस्टर लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा है, "हम किसानों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हमने सीमा के पास हिंसा के बाद एहतियात के तौर पर प्रदर्शनकारियों के लिए ये नोटिस लगाया है। यदि किसान फिर से कानून का उल्लंघन किया गया तो हम कानूनी कार्रवाई जरूर करेंगे। "
कानून रद्द होने तक नहीं हटेंगे- BKU
द इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, भारतीय किसान यूनियन के उपाध्यक्ष शिंगारा सिंह मान ने कहा है कि मैंने यह नोटिस शाम 5 बजे के आसपास टिकरी बॉर्डर पर देखा था। इस जगह पर एक पुलिस चौकी भी है। यह नोटिस नेशनल हाईवे के पिलर पर लगाए गए हैं। शिंगारा सिंह मान ने कहा कि ऐसे नोटिस से कोई फर्क नहीं पड़ता हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कृषि कानूनों को रद्द नहीं करवा लिया जाता।












Click it and Unblock the Notifications