IPL 2026 Final Rain Rule: अगर बारिश में धुला फाइनल तो कौन बनेगा चैंपियन? आखिर क्या कहता है नियम!
IPL 2026 Final Rain Rule: आईपीएल 2026 का महामुकाबला आज यानी रविवार, 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। एक तरफ जहां दोनों टीमें क्रिकेट के इस सबसे बड़े टी20 प्राइज को उठाने के लिए बेताब हैं। वहीं क्रिकेट फैंस की नजरें आसमान पर भी टिकी हैं। प्री-मानसून सीजन के कारण इस खिताबी मुकाबले पर बारिश का साया मंडरा रहा है।
मैच के दौरान ऐसा रहेगा मौसम (IPL 2026 Final Rain Rule)
अहमदाबाद में खिलाड़ियों को चुनौतीपूर्ण मौसम का सामना करना पड़ेगा। फाइनल के दिन यहां का तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो रात बढ़ने के साथ धीरे-धीरे कम होगा। हालांकि, गुजरात में इस समय प्री-मानसून परिस्थितियां सक्रिय हैं, जिसके कारण राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश की आशंका जताई गई है।

31 मई को ही मैच पूरा कराने की प्राथमिकता
अगर रविवार शाम को बारिश के कारण खेल रुकता है तो आईपीएल प्रबंधन की पहली प्राथमिकता उसी दिन मैच पूरा कराने की होगी। मैच को आधिकारिक तौर पर पूरा करने के लिए मैदान कर्मियों और अंपायरों के पास 2 घंटे (120 मिनट) का बफर टाइम उपलब्ध रहेगा। यदि बारिश के कारण लंबा समय खराब होता है, तो ओवरों की संख्या घटाई जाएगी। डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति से मैच का परिणाम निकालने के लिए दोनों टीमों का कम से कम 5-5 ओवर खेलना अनिवार्य है।
1 जून को रखा गया है रिजर्व डे
यदि अत्यधिक बारिश के कारण 5-5 ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाता है, तो केवल एक सुपर ओवर (Super Over) के जरिए विजेता का फैसला करने का प्रयास किया जाएगा। यदि रविवार को मौसम की स्थिति इतनी खराब रहती है कि न्यूनतम 5 ओवर का खेल या सुपर ओवर भी आयोजित नहीं किया जा सकता तो मैच को अगले दिन के लिए टाल दिया जाएगा। सोमवार 1 जून को आधिकारिक रिजर्व डे घोषित किया गया है। नियम के अनुसार, सोमवार को मैच वहीं से आगे शुरू होगा जहां रविवार को रोका गया था।
अगर दोनों दिन मैच पूरी तरह धुल गया तो?
क्रिकेट इतिहास के सबसे खराब समीकरण के तहत, यदि रविवार (31 मई) और सोमवार (1 जून) दोनों ही दिन लगातार भारी बारिश होती है और मैदान पर एक भी गेंद फेंकना या सुपर ओवर कराना संभव नहीं हो पाता, तो मैच को पूरी तरह रद्द कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में आईपीएल नियमों के मुताबिक लीग स्टेज की पॉइंट्स टेबल के आधार पर चैंपियन का फैसला होगा। आईपीएल 2026 के लीग चरण की समाप्ति पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अंक तालिका में पहले स्थान पर थी, जबकि गुजरात टाइटंस (GT) दूसरे स्थान पर रही थी। अतः बेहतर रैंकिंग के आधार पर आरसीबी (RCB) को आधिकारिक रूप से आईपीएल 2026 का विजेता घोषित कर दिया जाएगा।















Click it and Unblock the Notifications