दिल्ली: पीरागढ़ी इलाके में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक दमकलकर्मी की मौत, 13 लोग घायल
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में गुरुवार को ओकाया बैटरी की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। गुरुवार सुबह 4.30 बजे करीब लगी आग को बुझाने में दमकल की 35 गाड़ियां जुटी हुईं हैं लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। एडीशनल डीसीपी (आउटर) राजेंद्र सागर ने बताया कि इस हादसे में 13 दमकलकर्मियों समेत 14 लोग घायल हैं। वहीं, एक दमकलकर्मी ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

धर्मपाल भारद्वाज ने बताया कि ब्लास्ट के कारण 10-12 दमकलकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि 3 दमकलकर्मियों सहित चार लोग अंदर फंसे हुए थे, जिनमें से तीन लोगों को बचाया जा चुका है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पीरागढ़ी के पास का उद्योग नगर का इलाका इंडस्ट्रियल एरिया है और वहां बड़ी संख्या में फैक्ट्री हैं।
दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि उद्योग नगर की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं थी। इस दौरान इमारत में ब्लास्ट हुआ और उसका एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इसमें फायरकर्मियों समेत कई लोग फंस गए। इसके पहले, सुबह आग लगने के बाद राहत व बचाव कार्य के दौरान फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ जिसके बाद इमारत का पिछला हिस्सा ढह गया।
बिल्डिंग कभी भी गिर सकती है, ऐसे में आसपास की इमारतों के सहारे बचाव कार्य किया जा रहा है और यही वजह है कि आग पर काबू पाने में देरी हो रही है। वहीं, इस हादसे पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हालात पर नजदीकी निगाह रखी जा रही है, दमकलकर्मी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बता दें कि एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर है और फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications