दिल्ली-एनसीआर: होली पर दोपहर 2 बजे तक नहीं चलेंगी डीटीसी की बसें
नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन निगम ने बताया है कि होली के अवसर पर कल (मंगलवार) को बस सेवाएं दोपहर दो बजे के बाद शुरू होंगी। दिल्ली और एनसीआर में 2 बजे तक डीटीसी की बसें नहीं चलेंगी। डीटीसी के मुताबिक दो बजे के बाद डीटीसी की बसें चलनी शुरू होंगी। होली के दिन सवारियों की कम संख्या को देखते हुए डीटीसी ने दोपहर बाद केवल 898 बसों को ही चलाने का फैसला किया है। बसों के बारे में जानकारी के लिए डीटीसी ने हेल्पलाइन नंबर 1800118181 और 41400400 जारी किया है। जिस पर बसों को लेकर जानकारी हासिल की जा सकती है।

होली के दिन 10 मार्च को दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) संचालित मेट्रो सर्विस भी दोपहर बाद 2:30 बजे के बाद शुरू होगी। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी रूट्स पर 2:30 बजे से पहले कोई भी मेट्रो ट्रेन नहीं चलेगी। दोपहर 2:30 बजे के बाद सभी लाइनों पर पूर्व की तरह मेट्रो ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मेट्रो फीडर सर्विस दोपहर तक संचालित नहीं होंगी।
बता दें कि इस साल होलिका दहन 09 मार्च और रंगवाली होली यानी दुलेंडी 10 मार्च को मनाई जाएगी। रंगों का त्योहार होली भाईचारे और आपसी प्रेम को बढ़ाने वाला त्योहार है। इस दिन लोग एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर अपना प्रेम प्रदर्शित करते हैं। होली के त्योहार में होलिका दहन और रंगवाली होली यानी धुलण्डी का विशेष महत्व है। होली का त्योहार फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications