दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में दो मरीज मिले कोरोना संक्रमित, डॉक्टरों सहित स्टाफ के 150 लोग क्वारंटाइन
नई दिल्ली। दिल्ली के साकेत में स्थित मैक्स अस्पताल में काम करने वाले 150 लोगों को सेल्फ क्वारंटाइन में भेज दिया गया है। इन लोगों में डॉक्टर, नर्स और अस्पताल का बाकी स्टाफ शामिल है। दो मरीजों के कोरोना वायरस से संक्रमित मिलने के बाद इन्हें ये निर्देश दिया गया है। अस्पताल ने अपने बयान में कहा है, 'दो मरीज ह्रदय रोग के इलाज के लिए भर्ती हुए थे। बाद में वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन मरीजों के संपर्क में आने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का पता चल गया है, इनमें से 39 को अस्पताल के ही क्वारंटाइन सेंटर में दाखिल किया गया है।'
Recommended Video

सूत्रों के मुताबिक अब अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि इन लोगों के अलावा भी अगर कोई दोनों मरीजों के संपर्क में आया है, तो वह सेल्फ क्वारंटाइन का पालन करे। इन सभी लोगों का कोरोना वायरस का टेस्ट किया जाएगा। अस्पताल ने कहा, 'सभी स्टाफ के 39 लोगों में कोई लक्षण नहीं हैं और इनका टेस्ट किया जाएगा। साकेत के मैक्स अस्पताल के वार्ड में अलग-अलग शिफ्ट में 154 लोगों की ड्यूटी लगी थी। इनमें से 39 अस्पताल के ही क्वारंटाइन सेंटर में हैं।'
इससे पहले एम्स दिल्ली के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में डॉक्टरों, नर्सों और तकनीशियनों सहित लगभग 30 स्वास्थ्य कर्मियों को क्वारंटाइन रहने की सलाह दी गई थी। ये कदम 72 वर्षीय एक व्यक्ति के कोरोना से पॉजिटिव आने के बाद उठाया गया था। बता दें दिल्ली के अस्पतालों में कई डॉक्टर और अन्य चिकित्सा कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें कई मोहल्ला क्लीनिक में काम करने वाले भी शामिल हैं।
देश में कोरोना वायरस का संकट बढ़ता जा रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से देश में 35 मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या बढ़कर 308 हो गई है। भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामले 9152 हो गए हैं। इसमें 7987 सक्रिय मामले, 856 ठीक / छुट्टी / विस्थापित और 308 मौतों शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications