दिल्ली: सीट पर बैठने को लेकर विवाद, झाड़ू से पीटकर हत्या
नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के भरत नगर में सफाई कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय सफाई कर्मचारी को सीट पर बैठने के विवाद की वजह से पीट-पीटकर मार दिया गया। दरअसल सफाई कर्मचारी ने जब अपने साथी कर्मचारी को को अपनी सीट पर नहीं बैठने दिया तो उसने झाड़ू से पीट-पीटकर साथी की हत्या कर दी।

नशे में थे दोनों
डीसीपी विजयंत आर्या ने बताया कि आरोपी हत्यारा घटना के वक्त नशे में था। यह पूरा विवाद सीट पर बैठने को लेकर हुआ था। हमने बंटी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बंटी और पीड़ित संजय कुमार एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों ही एक दूसरे से काम के दौरान मिलते थे और मिलकर शराब पीते थे। यह घटना भी एक दिन दोनों जब साथ शराब पी रहे थे उसी दौरान हुई।

सीट को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस ने बताया कि कुमार एक चाय की दुकान के पास अपने दोस्त के साथ शराब पी रहा था। कुमार पहले से ही वहां एक बेंच पर बैठा था। जब बंटी वहां पहुंचा तो कुमार के दोस्त वहां पहले से बैठे हुए थे। बंटी ने कुमार से कहा कि वह सीट पर उसे भी बैठने के लिए जगह दे। लेकिन कुमार ने बंटी के कहने के तरीके पर आपत्ति जताते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और बंटी ने अपनी झाड़ू से कुमार पर हमला कर दिया।

खुद पुलिस को दी थी जानकारी
बंटी ने कुमार के सिर पर झाड़ू मार दिया, जिसके बाद कुमार के दोस्त ने बीच बचाव किया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे सफदरगंज अस्पताल ले जाने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि चश्मदीदों को यह नहीं पता था कि कुमार की मौत हो गई है, उन लोगों ने सिर्फ बीच बचाव किया, जिसके बाद बंटी वहीं रहा और भागा नहीं, खुद बंटी को भी इस बात का एहसास नहीं था कि कुमार की मौत हो जाएगी। कुमार ने खुद पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी, यहां तक कि उसके दोस्तों को भी इस बात का यकीन नहीं था कि कुमार की मौत हो जाएगी।

कुछ घंटो बाद हुई मौत
पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ घंटों बाद कुमार की मौत हो गई। कुमार पहले से ही कई बीमारियों से जूझ रहा था, उसे पीलिया भी था। जब अस्पताल में कुमार को मृत घोषित किया गया तो भरत नगर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया और बंटी को गिरफ्तार किया गया। लेकिन उसे इस बात का एहसास नहीं था कि उसने कुमार की हत्या कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications