जब बराक ओबामा होंगे दिल्ली में तब तैनात रहेंगे 3 जंगी जहाज
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा अपनी आगामी भारत यात्रा के दौरान सरदार पटेल मार्ग पर आईटीसी मौर्या होटल या उससे सटे ताज होटल में ठहर सकते हैं। उनसे पहले यहां पर आए अधिकतर अमेरिकी राष्ट्रपति पहले मौर्या में ठहर चुके हैं। हालांकि कहने वाले कह रहे हैं कि वे राजधानी स्थित अमेरिकी दूतावास में भी ठहर सकते हैं सुरक्षा कारणों के चलते। जानकारों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ खुफिया विभाग के लोग, सरकारी अधिकारी और मीडियाकर्मी सहित सुरक्षा में तीन जंगी जहाज तैयार रहेंगे।

क्लिंटन ठहरे थे
बिल क्लिंटन भी इसी में ठहरे थे। तब अमेरिका के खुफिया विभाग ने पूरे होटल को अपने कब्जे में ले लिया था। तब होटल एक किले में तब्दील हो गया था। जानकारों का कहना है कि जल्दी उक्त दोनों हटोलों में से किसी को चुन लिया जाएगा ओबामा की मेजबानी करने के लिए।
24 जनवरी को पहुंचेंगे
जानकारों ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा 24 जनवरी को दिल्ली पहुंचेंगे। अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी करीब डेढ़ घंटे बातचीत होगी। इस बातचीत में व्यापार से लेकर आतंकवाद समेत सभी द्विपक्षीय मसलों पर चर्चा की उम्मीद है।
वे जब तक दोनों में से किसी होटल में ठहरेंगे तब तक होटल के आगे की सड़क को आम ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अफसर ने यह जानकारी दी। सारे रास्ते पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। उनकी मदद करेंगे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान। हालांकि ओबामा की यात्रा के समय किसी धमकी या विरोध-प्रदर्शन की आशंका नहीं है लेकिन यदि ऐसा कुछ हुआ तो पुलिस उससे निपटने के लिए तैयार हैं।
तैयारी परेड की
इस बीच, गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए हर साल करीब दो लाख लोग राजपथ पर पहुंचते है। इस साल उनकी संख्या बढ सकती है। अधिक से अधिक वीआईपी और आम लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था करने के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग अतिरिक्त जगह तैयार करने में जुटा है। गेट पर कहीं अधिक सख्त चेकिंग होगी।
इस बीच,परेड का अभ्यास शुरू हो चुका है और इसमें नौ पैदल टुकडिय़ां, आठ घुड़सवार,रूसी टैंक और रूस के सहयोग से भारत द्वारा विकसित ब्रह्मोस मिसाइल, और 18 बैंड शामिल होंगे। उधर,उद्योग मंडल फिक्की के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने के बाद अमेरिकी सरकार के अधिकारी भारतीय उद्योग के साथ बैठक करने की योजना बना रहे हैं। प्रमुख कारोबारी संगठन और भारत-अमेरिका व्यापार परिषद संभवत: एक साथ ओबामा से मुलाकात करेंगे।










Click it and Unblock the Notifications