एशिया की सबसे बड़ी आजादपुर सब्जी मंडी के एक व्यापारी की कोरोना से मौत, आज मंडी के बाहर लगा भारी जाम
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते देशभर में 3 मई तक लॉकडाउन है, लेकिन 20 अप्रैल से कुछ जरूरी सेवाओं की अनुमति दी गई है। दिल्ली के आजादपुर सब्जी मंडी को भी 21 अप्रैल से खोलने की इजाजत दी गई है। यह मंडी अब लगातार 24 घंटे खुली रहेगी। लेकिन इस निर्देश के बाद यहां लॉकडाउन की धज्जियां उड़ गई। यहां गाड़ियों की लंबी कतार देखने को मिली। मंडी में ट्रकों के आवागमन की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक की अनुमति दी गई है। जबकि सब्जी व फल बिक्री की इजाजत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक के लिए दी गई है।

अहम बात ये है कि आजादपुर मंडी के एक कारोबारी की कोरोना वायरस के चलते मौत भी हो गई है। जानकारी के अनुसार भोला नाथ नाम के कारोबारी की पिछले कई दिनों से हालत गंभीर थी। वह पिछले कुछ दिनों से हर रोज मंडी आ रहे थे। भोला की मौत के बाद मंडी के अन्य व्यापारियों में डर का माहौल है। मंडी एसोसिएशन का कहना है कि जो भी भोला नाथ के संपर्क में आया था वो जल्द से जल्द अपना टेस्ट कराएं और आइसोलेशन में रहें। अहम बात है कि दिल्ली में कोरोना वायरस के पिछले 24 घंटों में 75 नए मामले आ चुके हैं। दिल्ली में कुल 47 लोगों की इसकी वजह से मौत हो चुकी है। जबकि कुल संक्रमित लोगों की संख्या 2156 है।
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 603 हो गई है, जबकि इसकी चपेट में कुल 18985 लोग आ चुके हैं। इस वायरस से संक्रमित 15122 सक्रिय मामले हैं, जबकि 3260 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। नोएडा-दिल्ली बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने यह आदेश जारी किया। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने ट्वीट कर कहा, 'स्वास्थ्य विभाग की सलाह और व्यापक पैमाने पर सार्वजनिक हित को ध्यान में रखकर कोरोना से जंग के निवारक उपाय के रूप में हम दिल्ली-नोएडा सीमा को पूरी तरह से बंद कर रहे हैं। आपसे अनुरोध है कि कृपया सहयोग करें। घर में रहें, सुरक्षित रहें।'












Click it and Unblock the Notifications