Chhapaak: प्रोडक्शन कंपनी की याचिका पर कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला, लक्ष्मी की वकील से जुड़ा है मामला
नई दिल्ली। दीपिका पादुकोण की फिल्म 'छपाक' को लेकर परेशानियां एक बार फिर बढ़ती दिख रही हैं। फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी फॉक्स स्टूडियो दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के एक फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट गई थी। जहां कोर्ट ने कंपनी की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। बता दें पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार को लक्ष्मी अग्रवाल की वकील रहीं अपर्णा भट्ट की याचिका पर उनके पक्ष में फैसला सुनाया था।

अपर्णा भट्ट ने याचिका दायर की थी
दरअसल अपर्णा भट्ट ने पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर की थी और दावा किया था वह कई वर्षों तक एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल की वकील रही हैं। लेकिन इस फिल्म में उन्हें क्रेडिट नहीं दिया गया। उनकी याचिका पर कोर्ट ने शाम तक फैसला सुनाते हुए फिल्म निर्माताओं को आदेश दिया कि 'छपाक' में उन्हें भी क्रेडिट दिया जाना चाहिए। कोर्ट के इसी फैसले का विरोध फॉक्स स्टूडियो कंपनी ने किया है।
दीपिका का नाम फिल्म में मालती है
बता दें दीपिका पादुकोण अभिनीत छपाक शुक्रवार को रिलीज हो गई है। फिल्म में दीपिका पादुकोण ने लक्ष्मी अग्रवाल का किरदार निभाया है। दीपिका के अपोजिट में अभिनेता विक्रांत मैसी हैं। जिन्होंने लक्ष्मी के रीयर लाइफ पार्टनर आलोक दीक्षित का किरदार निभाया है। दीपिका का नाम फिल्म में मालती है।

2005 की है घटना
लक्ष्मी अग्रवाल पर साल 2005 में दिल्ली के खान मार्केट में नदीम खान और तीन अन्य लोगों ने तेजाब फेंक दिया था। उस वक्त उनकी उम्र महज 15 साल थी। छपाक फिल्म भी उसी घटना पर आधारित है। फिल्म को मेघना गुलजार ने डायरेक्ट किया है। छपाक को लेकर रिलीज के पहले ही दिन अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। रिलीज से एक दिन पहले ही छपाक को छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और पुडुचेरी में टैक्स फ्री कर दिया गया है। जिसकी घोषणा खुद यहां के मुख्यमंत्रियों ने की है।

अखिलेश यादव ने बुक किया पूरा हॉल
इसके साथ ही पंजाब में भी सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग कल यानी शनिवार को जिरकपुर में एसिड अटैक पीड़ित लोगों के लिए छपाक फिल्म की स्क्रीनिंग करेगा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं से अपील जारी कर कहा है कि वह इस फिल्म को जरूर देखें। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को 'छपाक' फिल्म दिखाने के लिए गोमतीनगर के मल्टीप्लेक्स में एक पूरा हॉल बुक किया है।












Click it and Unblock the Notifications