दिल्ली में फिर सस्ती होगी शराब, सरकार ने स्पेशल कोरोना टैक्स को लिया वापस
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए 25 मार्च से लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया था। इसके साथ ही शराब की दुकानें भी बंद हो गई थीं। इस बीच सरकार को राजस्व का तगड़ा नुकसान हुआ था। जिसके बाद लॉकडाउन के तीसरे चरण में केंद्र सरकार ने शराब की दुकानों को खोलने का फैसला लिया। इस दौरान दिल्ली सरकार ने 'स्पेशल कोरोना फी' नाम से एक नया टैक्स लगाया था। जिसे अब वापस ले लिया गया है। ऐसे में अब दिल्ली में शराब फिर से सस्ती हो जाएगी।
Recommended Video

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक 4 मई को दुकानों पर भारी भीड़ को देखते हुए सरकार ने MRP पर 70 प्रतिशत का स्पेशल कोरोना टैक्स लगाया था। इस फैसले को अब कैबिनेट की सहमति से वापस लिया जा रहा है। फिलहाल अभी तीन दिन शराब महंगे दाम पर ही मिलेगी। इसके बाद 10 जून से सरकार का ये फैसला लागू होगा और दाम कम हो जाएंगे। दिल्ली सरकार के इस फैसले से शराब प्रेमियों को राहत मिली है।
जमकर हुई कमाई
एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली सरकार ने 4 मई से 30 मई तक 234 करोड़ 54 लाख 52 हजार 485 रुपये की शराब बेची थी। इस दौरान सरकार को 'स्पेशल कोरोना फी' से 161 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा, गजियाबाद और गुरुग्राम में शराब के दाम कम हैं। ऐसे में सरकार को अंदेशा है कि बॉर्डर खुलने के बाद दिल्ली में शराब की बिक्री कम हो जाएगी। जिस वजह से स्पेशल टैक्स हटाने का फैसला लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications