दिल्ली सरकार नहीं हटाएगी कोरोना टैक्स, शुल्क हटाने की खबरों को बताया गलत
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के बीच दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने शराब पर इस महीने की शुरुआत में 70 फीसदी 'विशेष कोरोना शुल्क' लगाया था। इस बीच गुरुवार को ऐसी खबरें सामने आई थी कि, दिल्ली सरकार इस फैसले को वापस ले लिया है। अब आम आदमी पार्टी ने इन खबरों का खडंन किया है। बताया जा रहा है कि, सरकार ने इस फैसले को फिलहाल टाल दिया है।

बता दें कि लॉकडाउन के बीच दिल्ली सरकार ने तीन मई को 150 सरकारी शराब दुकानों को खोले जाने को मंजूरी दी थी। लेकिन दुकान खोलने के ठीक एक दिन बाद दिल्ली सरकार ने शराब के सभी ब्रांडों पर 70 फीसदी विशेष कोरोना शुल्क लगा दिया था। जिसके बाद दिल्ली में शराब के दामों में भारी इजाफा देखने को मिला था। हालांकि सरकार के इस फैसले का कई राजनीतिक दलों ने विरोध भी किया था।

इससे पहले दिल्ली सरकार ने मंगलवार को कहा था कि राजधानी में विभिन्न निगमों द्वारा संचालित करीब 200 शराब की दुकानें रोज खुलेंगी, जबकि शराब की निजी दुकानें ऑड-ईवन की तर्ज पर खुलेंगी। निजी दुकानों को अपने दुकान के स्थान का सर्वे करा कर आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त को अंडरटेकिंग देना होगा कि यह दुकान कंटेनमेंट जोन में नहीं है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद निजी शराब दुकानें ऑड-ईवन प्रक्रिया के तहत खुलेंगी। ये दुकानें सुबह नौ बजे से शाम 6.30 बजे तक प्रतिदिन पहले की तरह खुलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications