दिल्ली चुनाव परिणाम: सुभाष चोपड़ा ने ली कांग्रेस के प्रदर्शन की जिम्मेदारी, AAP-BJP पर लगाया ये आरोप
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में पिछले एक महीन से मचा सियासी हंगामा आज चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद शांत हो जाएगा। चुनाव प्रचार में ज्यादा जोश न दिखाने वाली कांग्रेस पार्टी को अभी तक के रुझानों में कोई खुशखबरी नहीं मिली है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का खाता एक बार फिर खुलता नहीं दिखाई दे रहा है। इस पर दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की प्रतिक्रिया सामने आई है। आइए जानते हैं चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने क्या कहा।

अभी तक के आए रुझानों को देखते हुए कांग्रेस की हार तो पक्की दिखाई दे रही है लेकिन इस बार के चुनाव में पार्टी का वोट शेयर भी आधा हो गया है। साल 2015 के मुकाबले कांग्रेस को इस बार दिल्ली 4.40 फीसदी दिल्ली की जनता का वोट मिला है, पिछले चुनाव में यह 10 फीसदी था। चुनाव नतीजे घोषित होने से पहले ही कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। मंगलवार को दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने पार्टी के प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली है।
मीडिया से बात करते हुए सुभाष चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी में लेता हूं। हम चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस की हार पर चर्चा करेंगे और इसके पीछे के कारकों का विश्लेषण करेंगे। कांग्रेस नेता सुभाष चोपड़ा ने कहा कि हमारे वोट प्रतिशत में गिरावट का कारण भाजपा और आप दोनों द्वारा ध्रुवीकरण की राजनीति है। बता दें कि, इस बार के दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 672 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चांदनी चौक सीट से कांग्रेस की चर्चित नेता अलका लांबा का भी जादू नहीं चल सका, खबर लिखे जाने तक उन्हें सिर्फ 869 वोट ही मिले हैं। वहीं द्वारका विधानसभा सीट से भी कांग्रेस के प्रत्याशी आदर्श शास्त्री भी हार के मुहाने पर खड़े हैं।
यह भी पढ़ें: AAP छोड़कर जिन दो नेताओं ने कांग्रेस से चुनाव लड़ा, उनकी सीटों का क्या है हाल












Click it and Unblock the Notifications