Delhi Corona App: जानिए कैसे डाउनलोड करें दिल्ली कोरोना ऐप, क्या है इस्तेमाल करने का तरीका
नई दिल्ली। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा है कि इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है हमने इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हुए हैं। कोरोना मरीजों के बढ़ने से अस्पतालों पर भी दवाब बढ़ता जा रहा है, रोजाना हजारों की संख्या में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हो रही है। सीएम केजरीवाल ने अस्पतालों पर से दबाव कम करने के लिए मंगलवार को एक मोबाइल ऐप (Delhi Corona App) लॉन्च किया। इस ऐप के माध्यम से पता लगाया जा सकता है कि किस अस्पताल में कितने बेड खाली हैं।
Recommended Video

इस उद्देश्य से लॉन्च किया गया ऐप
सीएम केजरीवाल ने कुछ दिनों पहले इस ऐप का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में कोरोना मरीजों को नहीं पता कि किस अस्पताल में बेड खाली है और किसमें नहीं है। इस समस्या से निपटने के लिए हम एक ऐप लॉन्च करने वाले हैं जिसमें यूजर्स को अस्पतालों में बेड की संख्या की जानकारी मिलती रहेगी। इसे दिन में दो बार अपडेट किया जाएगा, साथ ही ऐप से दिल्ली के सरकारी और निजी अस्पतालों को भी जोड़ा जाएगा।

ऐप में मिलेंगी ये जानकारियां
'दिल्ली कोरोना ऐप' पर COVID-19 से संक्रमित मरीजों को उनके नजदीकी अस्पताल में खाली बिस्तरों की जानकारी मिल सकेगी। ऐप पर कोरोना टेस्ट सेंटर्स की भी जानकारी दी जाएगी, जिससे कोरोना लक्षण दिखने पर लोग अपने नजदीकी टेस्ट सेंटर पर जाकर सैंपल दे सकते हैं। इसके अलावा इस ऐप में ई-पास, पास के रैन बसेरे की जानकारी, राशन के लिए पंजीकरण, रिलीफ सेंटर जैसी और भी ऐसी तमाम जरूरी जानकारी इस ऐप पर मिल जाएगी। ऐप पर कोविड-19 हेल्पलाइन की भी जानकारी दी गई है।

कैसे डाउनलोड करें ऐप
ऐप के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'आप गुगल प्ले स्टोर से इसे Delhi Corona के नाम से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा इसे व्हाट्स ऐप से भी इसे डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए यूजर को 8800007722 नंबर पर एक संदेश भेजना होगा। दिल्ली कोरोना ऐप को डाउनलोड करने के लिए आप delhifightscorona.in/beds/ पर भी लॉग इन कर सकते हैं। अगर फिर भी आपको कोई जानकारी नहीं मिलती तो आप 1031 पर फोन कर सकते हैं।

दिन में दो बार अपडेट किया जाएगा ऐप
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि ऐप पर लोगों को बेड की सही-सही संख्या मिल सकते इसलिए नंबर्स को दिन में दो बार अपडेट किया जाएगा। यह पहली बार सुबह 10 बजे और अंतिम बार शाम 6 बजे इसे अपडेट किया जाएगा। सीएम केजरीवाल ने आगे कहा, हमने ये जानकारी देने के लिए एक ऐप बनाया है कि किस प्राइवेट और सरकारी अस्पताल में कितने बेड खाली हैं और कितने भरे हुए हैं। बता दें कि खबर लिखे जाने तक ऐप पर वर्तमान में कुल बेड संख्या 6731 है जिसमें से 2819 पर मरीज हैं और 3912 बेड खाली हैं।

दिल्ली में 20 हजार से अधिक मामले
दिल्ली में कोरोना वायरस का मामला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। लॉकडाउन 5 में और अधिक छूट मिलने के बाद मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली 20 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं, पिछले 24 घंटे में 990 नए मामले सामने आए। राजधानी में कुल केस 20, 834 हुए। अब तक कुल 523 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में ऐक्टिव केस 11565 हैं। राजधानी में अभी 124 कंटेनमेंट जोन हैं। दिल्ली पुलिस के पांच कर्मचारी भी संक्रमित हैं।
यह भी पढ़ें: जिसका डर था वही हुआ, विशेषज्ञों का दावा-कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू












Click it and Unblock the Notifications