शिमला से भी ठंडी दिल्ली, कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाई गलन, जारी रहेगा सर्दी का सितम
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई, ऊपर से चल रही शीत लहर ने सर्दी में और इजाफा कर दिया है, आने वाले दिनों में पारा के और नीचे गिरने की आशंका है। आपको जानकर हैरत होगी कि आज दिल्ली का तापमान शिमला से भी कम है, आज यहां पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया,मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी।

बर्फबारी पहाड़ पर असर मैदानी इलाकों पर
पहाड़ी राज्यों में बढ़ती बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है, जिसके कारण इस वक्त पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में हैं, उधर सर्दी बढ़ने के साथ ही दिल्ली में घना कोहरा भी शुरू हो गया है, जिसका असर यातायात पर भी पड़ा है, कोहरे की वजह से कई ट्रेनें अपने निर्धारित वक्त से काफी देरी से चल रही हैं। आने वाले दिनों में भी सर्दी का प्रकोप यूं ही जारी रहेगा इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है।

देश के कई राज्यों में सर्दी का सितम
वैसे देश के कई राज्यों में भी अब कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जम्मू- कश्मीर से लेकर उत्तरी भारत के कई राज्य समेत राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सर्दी का असर दिखाई पड़ रहा है, लेह में तापमान शून्य से 15.1 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है तो वहीं सीकर के फतेहपुर शेखावटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप
जम्मू-कश्मीर में आज भी कुछ इलाकों बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है, जिसका असर मैदानी इलाकों पर भी होगा। वहीं भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज पंजाब और राजस्थान में शीतलहर चलेगी, इसके अलावा उत्तर गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र, कच्छ और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के निचले क्षेत्रों में भी ठंड काफी ज्यादा होगी। एमपी, यूपी और बिहार में भी सर्दी का सितम अब ठंडी हवाओं के जरिए जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications