दिल्ली में सोमवार से खुलेगा खूबसूरत 'सिग्नेचर ब्रिज', कुतुब मीनार से भी ज्यादा है ऊंचाई
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी पर बहुप्रतीक्षित सिग्नेचर ब्रिज 5 नवंबर से आम जनता के लिए खुल जायेगा। रविवार को शाम 4 बजे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद लेजर शो का कार्यक्रम भी होगा। इसकी जानकारी डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दी है। इस ब्रिज के शुरू होने से उत्तर पूर्वी दिल्ली और वजीरादाबाद के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। इसी के साथ दिल्लीवासियों का 14 सालों का लंबा इंतजार खत्म हो जाएगा।

4 नवंबर को होगा उद्घाटन
रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 5 नवंबर से आज जनता के लिए ये ब्रिज शुरू हो जाएगा। मनीष सिसोदिया ने इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सिग्नेचर पुल तैयार है। इससे लोगों की आवाजाही तो आसान होगी, साथ ही ये पर्यटकों के लिये भी सबसे बेहतरीन जगह होगी।

कुतुब मीनार से दोगुनी से भी अधिक है पुल की ऊंचाई
इस सिग्नेचर ब्रिज का मुख्य आकर्षण उसका मेन पिलर है जिसकी ऊंचाई 154 मीटर है। पिलर के ऊपरी भाग में चारों तरफ कांच लगाए गए हैं। जबकि लिफ्ट के जरिए लोग यहां पहुंचेंगे तो उन्हें यहां से दिल्ली का टॉप व्यू देखने को मिलेगा जो दिल्ली में किसी भी इमारत की ऊंचाई से अधिक होगा। ऐसा कहा जा रहा है कि इसकी ऊंचाई कुतुब मीनार से दोगुनी से भी अधिक है।

5 नवंबर से आम जनता के खोला जाएगा ब्रिज
इस ब्रिज पर 15 स्टे केबल्स हैं जो बूमरैंग आकार में लगाए गए हैं। इस ब्रिज का 350 मीटर भाग बिना किसी पिलर के है और इस ब्रिज की कुल लंबाई 675 मीटर जबकि चौड़ाई 35.2 मीटर है। ये ब्रिज उत्तर पूर्वी दिल्ली को करनाल बाई पास रोड से जोड़ेगा। जबकि यमुना विहार, गोकुलपुरी, भजनपुरा और खजूरी की तरफ से मुखर्जी नगर, तिमारपुर, बुराड़ी और आजादपुर जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications