दिल्ली: हिरासत में लिए गए BJP प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, राजघाट पर कर रहे थे प्रदर्शन
नई दिल्ली। दिल्ली बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता को आज (रविवार) हिरासत में ले लिया गया। आदेश कुमार गुप्ता राजघाट में केजरीवाल सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा हॉस्पिटलों पर लिए गए फैसले का विरोध किया जिसके बाद उन्हें लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के चलते दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बता दें कि शनिवार को दिल्ली सरकार ने फैसला लिया था कि राजधानी के सरकारी और निजी अस्पतालों में सिर्फ दिल्ली के मरीजों का इलाज किया जाएगा।

गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, अस्पतालों पर पड़ रहे दबाव को कम करने के लिए शनिवार को दिल्ली सरकार ने कई फैसले लिए। इसमें सबसे बड़ा फैसला यह था कि कोरोना काल तक दिल्ली के सभी अस्पतालों में सिर्फ यहां के निवासियों का ही इलाज किया जाएगा, इसके अलावा दिल्ली सरकार ने अस्पतालों को आदेश दिया है कि बिना लक्षण और कम लक्षण वाले कोरोना वायरस मरीजों को 24 घंटे के अंदर ही डिस्चार्ज किया जाए।
अस्पतालों में सिर्फ दिल्ली वालों के इलाज को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता केजरीवाल सरकार के इस फैसले के खिलाफ सड़क पर उतर गए। इन्होंने राजघाट में केजरीवाल सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, हालांकि इस बीच उनके कार्यकर्ताओं के बीच सोशल डिस्टेंसिंग भी दिखाई दी। केंद्रीय निर्देशों के अनुसार लॉकडाउन में किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति न होने के चलते उन्हें रविवार की दोपहर हिरासत में ले लिया गया।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 9,971 मामले सामने आ चुके हैं। इस दौरान देश में 287 मरीजों की मौत हुई है। फिलहाल देश में कोरोना के कुल 2,46,628 मामले हैं, जिनमें से 1,20,406 एक्टिव केस हैं वहीं 1,19,293 लोग ठीक हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: सर गंगाराम अस्पताल पर हुए FIR के बाद DMA ने की दिल्ली सरकार की निंदा, कहा-ये डॉक्टरों का अपमान












Click it and Unblock the Notifications