Delhi-Bhatinda Express को पटरी से उतारने की कोशिश? बठिंडा में रेल पटरी से लोहे की छड़ें बरामद
Delhi-Bathinda Express News: पंजाब के बठिंडा में रविवार को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने दिल्ली-बठिंडा एक्सप्रेस की पटरियों पर से नौ लोहे की छड़ें बरामद की गईं। आशंका है कि ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश हो सकती है। हालांकि, घटना के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। जीआरपी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी शविंदर कुमार ने बताया कि घटनास्थल से 9 लोहे की छड़ें मिली हैं, और इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे कौन लोग हो सकते हैं और उनका उद्देश्य क्या था।

देशभर में रेल ट्रैक पर संदिग्ध गतिविधियां
बठिंडा की यह घटना अकेली नहीं है। हाल ही, में देशभर में कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध वस्तुएं पाई गई हैं, जो संभवतः ट्रेनों को पटरी से उतारने की कोशिश का हिस्सा हो सकती हैं। उदाहरण के तौर पर, उत्तर प्रदेश के प्रेमपुर स्टेशन के पास रविवार को एक मालगाड़ी के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर एक गैस सिलेंडर देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सिलेंडर की जांच के बाद पता चला कि यह 5 लीटर का खाली सिलेंडर था। मामले की जांच जारी है।
हाल की घटनाएं
- 20 सितंबर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में दून एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर लोहे की छड़ें पड़ी देखीं और समय रहते ब्रेक लगा दिए। अधिकारियों को शक है कि यह तोड़फोड़ की कोशिश हो सकती है।
- 19 सितंबर: राजस्थान के अजमेर जिले में बिलासपुर रोड और रुद्रपुर शहर के बीच रेलवे ट्रैक पर छह मीटर लंबी लोहे की रॉड मिली थी। लोको पायलट ने समय पर ट्रेन रोककर हादसे को टाल दिया। इस मामले में भी अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताएं
ये घटनाएं रेलवे की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बन गई हैं। जांच एजेंसियां इस तरह की घटनाओं को ट्रेनों को पटरी से उतारने की सोची-समझी साजिश के तौर पर देख रही हैं। भारतीय रेलवे ने इस तरह की गतिविधियों से निपटने के लिए अतिरिक्त सावधानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।
बठिंडा में लोहे की छड़ों का मिलना और अन्य जगहों पर रेल पटरियों पर संदिग्ध वस्तुओं की बरामदगी से रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications