दिल्ली सरकार ने फेक न्यूज पर कसा शिंकजा, बनाई 'शांति और सौहार्द समिति'
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद राजधानी का माहौल अब धीमे-धीमे शांत हो रहा है। दिल्ली में शांति स्थापित करने की हरसंभव कोशिशें की जा रही हैं। इस बीच दिल्ली विधानसभा ने 'शांति और सौहार्द समिति' के नाम से एक कमिटी का गठन किया गया। आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज को इस समिति का प्रमुख बनाया गया है। दिल्ली सचिवालय में आयोजित कमेटी की पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए है। इस समिति में आतिशी और राघव चड्डा को भी शामिल किया गया है।

समित की बैठक के बाद सौरभ भारद्वाज ने बताया कि दिल्ली में भाईचारे को तोड़ने की कोशिश करने वालों पर केस दर्ज होगा। इसके साथ ही 3 साल की सजा और जुर्माने का भी प्रावधान होगा। उन्होंने कहा, 'बहुत सारे मामलों में ऐसा देखा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर नफरत फैलाने वाले फर्जी मैसेज भेजे जाते हैं, जिन्हें लोग सच मान लेते हैं और जिसकी वजह से समाज में एक-दूसरे के प्रति नफरत की भावना बढ़ रही है।
भारद्वाज ने कहा, 'जल्द ही हम फोन नंबर और ईमेल आईडी जारी करेंगे, जिस पर फर्जी और नफरत फैलाने वाले मैसेज को लेकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। बैठक के दौरान, यह सुझाव दिया गया कि शिकायतकर्ताओं को 10,000 रुपये पुरस्कृत किया जाना चाहिए। हालांकि, इनाम की राशि अभी तय नहीं की गई है। दो समुदायों के बीच में नफरत फैलाना क्रिमिनल लॉ के अंदर जुर्म है जिसके लिए सजा और जुर्माने का प्रावधान है। इसलिए कमिटी ने इस पर चर्चा करके अहम फैसले लिए हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कमेटी लीगल एक्सपर्ट की टीम नियुक्त करेगी। टीम द्वारा यह बताया जाएगा कि इसमें किसी तरह का आपराधिक मामला या पृष्ठभूमि है या नहीं। अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस काम में पुलिस के रिटायर अधिकारियों की भी मदद ली जाएगी। इस फैसले को बड़े स्तर पर रेडियो, अखबार और मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। जो नफरत फैलाने वाले मैसेज का स्क्रीनशॉट लेकर हमारी विधानसभा समिति को भेजेगा, उस पर समिति जांच करेगी। जांच में अगर पाया जाता है कि कोई अपराध बन रहा है तो उसको लॉ एन्फोर्समेंट एजेंसी को भेजा जाएगा जिससे नफरत फैलाने वाले मैसेज को भेजने वाले व्यक्ति पर मुकदमा किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications