Delhi assembly election 2020 की घोषणा पर अरविंद केजरीवाल ने किया सबसे छोटा ट्वीट
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बता दिया है कि वो इस चुनाव को किस मुद्दे पर लड़ेगे।
नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि दिल्ली में आगामी 8 फरवरी को मतदान होगा। विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है, जिसने 2015 के विधानसभा चुनाव में 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। 2015 में जहां भाजपा के खाते में महज 3 सीटें ही गईं, वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया है कि वो इस चुनाव को किस मुद्दे पर लड़ेगे।

केजरीवाल ने किया ये ट्वीट
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद ट्वीट करते हुए कहा, 'ये चुनाव काम पर होगा'। आपको बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के भाषण को लेकर ट्वीट करते हुए कहा था, 'मैंने गृह मंत्री, श्री अमित शाह जी का पूरा भाषण सुना। मुझे लगा वो हमारे कामों की कमियां बताएंगे और दिल्ली के विकास की बात करेंगे। लेकिन उन्होंने मुझे गाली देने के अलावा कुछ नहीं कहा। दिल्ली के लिए उनके पास सुझाव हैं तो बताएं, हम अच्छे सुझावों को अगले 5 साल में लागू करेंगे।'
11 फरवरी को दिल्ली के नतीजों का ऐलान
सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आगामी 14 जनवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। प्रत्याशियों के लिए नामांकन करने की आखिरी तारीख 21 जनवरी है। 22 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 24 जनवरी तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 फरवरी को चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

इस बार वोटर स्लिप पर होगा क्यूआर कोड
आपको बता दें कि इस बार दिल्ली के विधानसभा चुनावों में चुनाव आयोग एक नई तकनीक का इस्तेमाल करने जा रहा है। दरअसल वोटर स्लिप पर इस बार क्यूआर कोड भी रहेगा, जिससे पहले की अपेक्षा मतदाताओं की पहचान तेजी और आसानी से हो सकेगी। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार वोटर स्लिप पर क्यूआर कोड की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव आयोग के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, 'दिल्ली ऐसा पहला राज्य और केंद्र शासित प्रदेश होगा, जहां देश में पहली बार हर मतदान केंद्र के अंदर एक 'बूथ ऐप' का इस्तेमाल किया जाएगा। इस लेटेस्ट तकनीक के जरिए मतदाताओं की वोटर स्लिप में क्यूआर कोड का इस्तेमाल करने से चुनावी प्रक्रिया में काफी तेजी आएगी।'












Click it and Unblock the Notifications