केजरीवाल बोले, पहली बार कोई सीएम कह रहा है कि अगर हम ने काम ना किया हो तो वोट मत देना
केजरीवाल बोले, अगर हम ने काम ना किया हो तो वोट मत देना
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के लिए तारीखों का ऐलान होने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमने सभी के लिए काम किया है। हमें अपने काम पर विश्वास है कि लोग हमें हमारे काम के लिए वोट करेंगे। आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल ने कहा, हम चुनाव को लेकर सकारात्मक हैं। अगर हमने काम किया होगा तो वोट मिलेगी। पहली बार कोई सीएम कह रहा है कि अगर हम ने काम ना किया हो तो वोट मत देना।

डिप्टी सीएम सिसोदिया के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, इस चुनाव में लोग लोग पॉजिटिव वोट देंगे। ये दिल्ली के इतिहास में पहली बार होगा। इस बार लोग काम की तुलना करेंगे। हम बीजेपी वालों से वोट मांगेंगे, हम कांग्रेस के लोगों से भी वोट मांगेंगे। हम गाली-गलौच की राजनीति नहीं करेंगे। हम काम के आधार पर पॉजिटिव तरीके से वोट मांगेंगे। मैं दिल्ली के लोगों से कहता हूं कि अगर हमने काम किया तो हमें वोट देना। हमने काम किया है तभी हम दोबारा सरकार बनाने के हकदार हैं।
केजरीवाल ने कहा, दिल्ली का चुनाव सड़क, पानी, बिजली, तीर्थ यात्रा, महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा और शिक्षा जैसे मुद्दों पर होगा। हम दिल्ली के विकास की बात करते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि सरकार बदली तो दिल्ली को नुकसान होगा। पिछली बार दिल्ली के लोगों ने 70 में से 67 सीटें देकर रिकॉर्ड बनाया था। इस बार दिल्ली के लोग अपना ये रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
बता दें कि चुनाव आयोग ने आज दोपहर को ही दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। 8 फरवरी को राजधानी दिल्ली की 70 सीटों पर मतदान होगा। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होगा। नतीजों का ऐलान 11 फरवरी को होगा। दिल्ली में 2015 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने थे। भाजपा को इस चुनाव में 3 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी।












Click it and Unblock the Notifications