दिल्ली में क्या फिर बनेगी AAP की सरकार, सर्वे में भाजपा को मिल रही हैं इतनी सीटें
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान में कुछ दिन शेष हैं, इसके पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दल विरोधी पार्टियों पर तीखे हमले कर रहे हैं और प्रचार बेहद आक्रामक नजर आ रहा है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी फिर से सत्ता में वापसी के दावे कर रही है जबकि बीजेपी भी सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इस बीच, टाइम्स नाऊ द्वारा हाल ही में कराए गए पोल में केजरीवाल सरकार की वापसी होती दिखाई दे रही है।

54-60 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है AAP
दिल्ली में आम आदमी पार्टी फिर से सत्ता में लौट सकती है। टाइम्स नाउ के पोल में अनुमान जताया गया है कि आम आदमी पार्टी 70 सदस्यीय विधानसभा में 54-60 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। जबकि भाजपा को 10 से 14 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को दो सीटें मिलने का अनुमान है। पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

भाजपा को मिल सकती हैं 10-14 सीटें
चौंकाने वाली बात यह है कि इस पोल के मुताबिक, अगर अभी लोकसभा चुनाव हों तो बीजेपी राजधानी में सभी सात सीटें जीतेगी, जैसा कि पिछले साल हुआ था। IPSOS के पोल ने AAP को बीजेपी के 34% के मुकाबले 52% वोट शेयर दिया है। यानी आप बीजेपी पर 18 फीसदी वोटों की बढ़त बना सकती है। ये वोट शेयर 2015 के विधानसभा चुनावों में मामूली बदलाव दर्शाते हैं। इसके मुताबिक AAP को 2.5 प्रतिशत वोट का नुकसान और भाजपा को 1.7 प्रतिशत वोट का फायदा हो सकता है।

कांग्रेस को मिल सकती हैं 0-2 सीटें
कांग्रेस को इस पोल के मुताबिक, 4 फीसदी वोट मिल सकता है। इस पोल के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव हों तो भाजपा का वोट शेयर 46 फीसदी रह सकता है जबकि आप का वोट शेयर 38 फीसदी रहेगा। IPSOS के सर्वे का सैंपल साइज 7,321 है और ये सर्वे 27 जनवरी-1 फरवरी के बीच कराए गए थे।

8 फरवरी को है मतदान
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल 3 सीटों पर जीत मिल सकी थी जबकि कांग्रेस पार्टी एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल दूसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे। इस चुनाव में बीजेपी ने अभी तक कोई भी मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है जबकि कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री पद के लिए किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 8 फरवरी को एक साथ मतदान होगा और इसके नतीजे 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications