Delhi Assembly Elections 2020: 24 घंटे पहले पार्टी में शामिल इन नोताओं को AAP ने दिया टिकट, नाराज विधायक का इस्तीफा
24 घंटे पहले पार्टी में शामिल इन नोताओं को AAP ने दिया टिकट, नाराज विधायक का इस्तीफा
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। आम आदमी पार्टी ने 15 मौजूदा विधायकों के नाम काटकर कुछ नए चेहरों को उतारा है। AAP ने जिन नए उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है, उनमें 9 विपक्षी पार्टियों से आप में शामिल होने वाले लोग हैं। सबसे खास बात ये है कि विपक्षी पार्टी से आप में शामिल हुए इन नेताओं ने मात्र 24 घंटे पहले ही पार्टी का दामन थामा था।

24 घंटे पहले थामा AAP का दामन, मिला टिकट
आम आदमी पार्टी ने पांच ऐसे नेताओं को टिकट दिया है, जिन्होंने विपक्षी पार्टियों बाहर होकर मात्र 24 घंटे पहले AAP का दामन थामा है। इसमें बदरपुर विधानसभा से कांग्रेस को छोड़कर आम में शामिल हुए राम सिंह नेताजी, द्वारका से कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा, हरीनगर से कांग्रेस की पूर्व निगम पार्षद रही राजकुमारी ढिल्लो, गांधी नगर सीट से कांग्रेस से जुडे़ और समाजसेवी नवीन चौधरी उर्फ दीपू और बवाना से बसपा पार्टी से आम में शामिल हुए रोहिणी से पार्षद जय भगवान उपकार है। इन नेताओं को आम आदमी पार्टी ने 24 घंटे के भीतर ही टिकट का तोहफा दे दिया। वहीं इसके अलावा कांग्रेस से धनवती चंदीला, शोएब इकबाल, प्रह्लाद साहनी और बीएसपी से चौधरी सुरेंदर कुमार भी आप में शामिल हुए।

केजरीवाल ने जताया भरोसा
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली चुनाव में विपक्षी पार्टियों से आप में शामिल हुए 5 ऐसे उम्मीदवार को उतारा है, जिन्होंने 24 घंटे पहले पार्टी का दामन थामा था। पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरिनगर से राजकुमारी ढिल्लो को टिकट दिया । जबकि हरिनगर विधानसभा सीट से 2015 में AAP के जगदीप सिंह विधायक बने थेष उन्होंने भाजपा के अवतार सिंह को करीब 26 हजार से ज्यादा मतों से हराया था, लेकिन पार्टी ने नए चेहरे पर भरोसा जताया।

इन सीटों पर उतारे नए उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी ने नए चेहरों पर भरोसा जताया। आप ने गांधी नगर से नवीन चौधरी (दीपू) को उम्मीदवार बनाया, जबकि साल 2015 में इस सीट से आप के उम्मीदवार अनिल कुमार वाजपेयी यहां से 7 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी।
वहीं बवाना से जय भगवान उपकार को टिकट दिया, जबकि साल 2017 में हुए उपचुनाव के बाद यहां से राम चंदर ने जीत हासिल की थी। वहीं द्वारका विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने विनय कुमार मिश्र को प्रत्याशी बनाया है, जबकि साल 2015 में यहां आम आदमी पार्टी के आदर्श शास्त्री ने जीत हासिल की थी। पार्टी ने बदरपुर विधानसभा सीट से 24 घंटे पहले AAP में शामिल हुए राम सिंह नेता जी को टिकट दिया है।

नाराज हुए विधायक
टिकट बंटबारे के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक नारायण दत्त शर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने दावेदारों को टिकट बेची है। एनडी शर्मा ने आप पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications