Air India Flight: दिल्ली से उड़ी फ्लाइट और सीधे पहुंच गई पाकिस्तान, हवा में अटकी रही यात्रियों की सांसें
Air India flight Pakistan Airspace: दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की फ्लाइट AI-479 सोमवार रात एक ऐसी घटना का हिस्सा बन गई जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद विमान अपने तय रूट से भटक गया और कुछ दूरी तक पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश कर गया। खास बात यह है कि अप्रैल 2025 से पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है।
ऐसे में इस घटना को सिर्फ एक नेविगेशन एरर नहीं बल्कि सुरक्षा के नजरिए से भी गंभीर माना जा रहा है। हालांकि विमान सुरक्षित वापस भारतीय सीमा में लौट आया और बाद में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।

दिल्ली से उड़ा विमान, पहुंच गया पाकिस्तान की सीमा में
सोमवार रात 9:18 बजे एअर इंडिया की फ्लाइट AI-479 दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुई थी। उड़ान सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन रास्ते में तकनीकी दिक्कत आने के बाद विमान का नेविगेशन सिस्टम प्रभावित हो गया। इसी दौरान विमान अपने निर्धारित रूट से हटकर पाकिस्तान के लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन में प्रवेश कर गया। बताया जा रहा है कि विमान ज्यादा अंदर नहीं गया, लेकिन एयरस्पेस उल्लंघन होने से मामला संवेदनशील बन गया।
ये भी पढे़ं: 'हमला हुआ तो समय नहीं मिलेगा', BrahMos Missile से Pakistan के छूटे पसीने! CISS की रिपोर्ट में साफ दिखा डर
पाकिस्तान की चेतावनी से हुआ खुलासा
सूत्रों के मुताबिक विमान के पाकिस्तान के एयरस्पेस में पहुंचते ही वहां की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने तुरंत चेतावनी जारी की। इसी अलर्ट के बाद पायलट को एहसास हुआ कि विमान निर्धारित रूट से भटक चुका है। इसके बाद तुरंत यू-टर्न लिया गया और विमान को वापस भारतीय एयरस्पेस की ओर मोड़ दिया गया। मौजूदा भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच यह घटना और भी ज्यादा चर्चा का विषय बन गई है।
भारतीय विमानों पर पहले से लगा है बैन
पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 से भारतीय रजिस्ट्रेशन वाले सभी कमर्शियल और मिलिट्री विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है। यह प्रतिबंध हर महीने NOTAM के जरिए बढ़ाया जाता रहा है। घटना के समय भी यह बैन प्रभावी था। हाल ही में जारी नए NOTAM के अनुसार यह प्रतिबंध जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया गया है। ऐसे में किसी भारतीय विमान का गलती से भी पाकिस्तानी एयरस्पेस में पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया।
अमृतसर पहुंचने से पहले फिर बढ़ी परेशानी
भारतीय सीमा में लौटने के बाद भी विमान की मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। उस समय अमृतसर एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक ज्यादा था, जिसके कारण विमान को तुरंत लैंडिंग क्लियरेंस नहीं मिल सकी। विमान कुछ समय तक अमृतसर के आसपास होल्डिंग पैटर्न में उड़ता रहा। बाद में कंट्रोल रूम ने उसे दिल्ली वापस लौटने का निर्देश दिया। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली उतरा, जहां तकनीकी और ऑपरेशनल समीक्षा की गई।
ये भी पढे़ं: Pakistan water crisis: 'भारत से जंग करेंगे', पानी संकट से बौखलाया पाकिस्तान, भारत को दी गीदड़भभकी
चार घंटे की देरी से पहुंचे यात्री
दिल्ली लौटने और जरूरी प्रक्रियाओं के बाद विमान को दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया। आखिरकार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस पूरी घटना के कारण यात्रियों को लगभग चार घंटे की अतिरिक्त देरी का सामना करना पड़ा। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेविगेशन सिस्टम में खराबी की असली वजह क्या थी और विमान निर्धारित रूट से कैसे भटक गया।












Click it and Unblock the Notifications