Hardik Pandya Trade: पंत के बाद हार्दिक पंड्या भी बदलेंगे IPL टीम? खरीदने की रेस में उतरीं दो चैंपियन टीमें
Hardik Pandya Trade: आईपीएल 2027 (IPL 2027) के आने वाले सीजन से पहले फ्रेंचाइजी टीमों के भीतर बड़े बदलावों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। लीग में ट्रेड विंडो के खुलते ही खिलाड़ियों की अदला-बदली का सिलसिला शुरू हो चुका है। जिसका प्रमाण मंगलवार यानी 23 जून को ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी और कुलदीप यादव के लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल होने से मिल गया है।
मुंबई के साथ बेहद खराब गुजरा है सीजन (Hardik Pandya Trade)
इस सिलसिले के बीच मौजूदा समय में सबसे बड़ी चर्चा मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को लेकर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दो पूर्व चैंपियन टीमें उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की रेस में पूरी ताकत से जुट गई हैं। हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस के साथ रिकॉर्ड उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। गुजरात टाइटंस (GT) को अपनी कप्तानी में साल 2022 में चैंपियन और 2023 में उपविजेता बनाने के बाद हार्दिक भारी-भरकम कैश-डील के साथ मुंबई इंडियंस में लौटे थे।

कप्तान बनने के बाद प्रदर्शन में आई गिरावट
लेकिन रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनने के बाद उनका प्रदर्शन और नेतृत्व दोनों ही दबाव में दिखे। उनकी कप्तानी में मुंबई ने खेले गए 39 मुकाबलों में से केवल 15 में जीत दर्ज की, जबकि 24 मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा। इस सांख्यिकी के आधार पर प्रबंधन स्तर पर उनकी विदाई लगभग तय मानी जा रही है। हार्दिक पंड्या को अपनी टीम का हिस्सा बनाने और उन्हें कप्तानी की कमान सौंपने के लिए दो प्रमुख फ्रेंचाइजी के बीच बैक-चैनल बातचीत चल रही है।
कोलकाता नाइट राइडर्स में हो सकते हैं शामिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक केकेआर ने मुंबई इंडियंस के मालिकों से संपर्क साधा है। केकेआर में अजिंक्य रहाणे को एक कामचलाऊ कप्तान के रूप में रखा गया था, जिन्हें इस सीजन के बाद रिलीज किया जाना तय है। केकेआर को एक मजबूत भारतीय ऑलराउंडर और लीडर की जरूरत है। पिछले सीजन के अंत में रिलायंस की एजीएम (AGM) के कारण यह बातचीत टल गई थी, लेकिन अब दोनों प्रबंधनों के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है।
राजस्थान रॉयल्स से भी हो रही है बातचीत
दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के नए मालिकाना हक वाले ग्रुप ने भी हार्दिक पंड्या को जोड़ने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है। फ्रेंचाइजी एक ऐसे अनुभवी भारतीय खिलाड़ी की तलाश में है जो टीम के मध्यक्रम को संभालने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता भी रखता हो। सूत्रों का दावा है कि हार्दिक पंड्या के अगले कदम का सबसे बड़ा निर्णायक कारक कप्तानी होगी। हार्दिक केवल उसी टीम का रुख करना चाहते हैं जहां उन्हें कमान मिले।
हालांकि, पिछला सीजन उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से काफी निराशाजनक रहा। उन्होंने 10 मैचों में महज 20.60 की औसत से 206 रन बनाए और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हो गई। केकेआर में रिंकू सिंह के औसत प्रदर्शन के बाद मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए यह एक सीधी कैश डील या प्लेयर-ट्रेड हो सकता है। फिलहाल दोनों ही फ्रेंचाइजी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन ट्रेड विंडो बंद होने से पहले यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा ट्रांसफर साबित हो सकता है।















Click it and Unblock the Notifications