वैभव सूर्यवंशी को सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए कितने रन बनाने होंगे? क्या है डेब्यू मैच में तेंदुलकर का स्कोर?
Vaibhav Sooryavanshi: भारत और आयरलैंड के बीच पहले टी20 मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है। महज 15 साल की उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा बने वैभव अगर बेलफास्ट में होने वाले पहले टी20 में प्लेइंग इलेवन में जगह बना लेते हैं, तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे।
ऐसे में फैंस के बीच यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या वह अपने पहले ही मैच में सचिन तेंदुलकर का एक खास रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड तोड़ने के अलावा सचिन के स्कोर को पार करना भी एक टास्क है।

डेब्यू मैच में कितना था सचिन तेंदुलकर का स्कोर?
सचिन तेंदुलकर ने साल 1989 में पाकिस्तान दौरे पर भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। उस समय उनकी उम्र 16 साल थी। कराची टेस्ट में डेब्यू करते हुए सचिन ने पहली पारी में 15 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था।
इसके बाद उसी दौरे पर उन्होंने अपना पहला वनडे मैच भी खेला, लेकिन वह खाता नहीं खोल सके थे। टी20 क्रिकेट की बात करें तो सचिन ने 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था, जिसमें उनके बल्ले से 10 रन निकले थे।
वैभव सूर्यवंशी के पास रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
अगर वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में डेब्यू का मौका मिलता है, तो उनके सामने सचिन तेंदुलकर का डेब्यू स्कोर पीछे छोड़ने का शानदार अवसर होगा। सचिन ने अपने पहले इंटरनेशनल मैच में 15 रन बनाए थे, ऐसे में वैभव को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए कम से कम 16 रन बनाने होंगे।
मुश्किल नहीं दिख रहा यह काम
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ समय में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया है। यही वजह है कि 16 रन का आंकड़ा उनके लिए बहुत बड़ा लक्ष्य नहीं होगा। अगर उन्हें बल्लेबाजी का पर्याप्त मौका मिलता है, तो वह अपने पहले ही इंटरनेशनल मैच में सचिन तेंदुलकर के डेब्यू स्कोर को पीछे छोड़ सकते हैं।
सभी की नजर रहेगी युवा बल्लेबाज पर
15 साल की उम्र में भारतीय टीम के साथ जुड़ना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। ऐसे में आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी पर फैंस और क्रिकेट जगत की खास नजर रहने वाली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं, और अगर मिलता है तो क्या वह अपने पहले ही मैच में एक यादगार पारी अपने नाम कर पाते हैं।













Click it and Unblock the Notifications