AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ ACB ने दर्ज की FIR, जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने केस दर्ज किया है। वक्फ बोर्ड में अनियमितता के मामले में दिल्ली पुलिस की एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, वक्फ बोर्ड में रिक्रूटमेंट के दौरान गड़बड़ी और फंड के दुरुपयोग की शिकायत मिली थी, जिसके बाद प्रिवेंशन ऑफ करप्शन के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ कुछ दिन पहले एक और मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस ने आम आदमी पार्टी आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अमानतुल्लाह खान पर नागरिकता संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन का विरोध करने के दौरान लोगों को भड़काने के आरोप में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि अमानतुल्लाह खान वर्तमान में ओखला से विधायक हैं।
2015 के विधानसभा चुनावों में अमानतुल्लाह खान आम आदमी पार्टी के टिकट पर पहली बार विधायक बने। उन्होंने दिल्ली की ओखला सीट से बीजेपी के ब्रह्म सिंह को हराया था। इस बार भी अमानतुल्लाह खान चुनाव मैदान में हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारकों में अमानतुल्लाह खान का नाम भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications